ग्रेटर नोएडा में निजी स्कूलों पर सख्ती: फीस मनमानी पर लगेगा अंकुश
Crackdown on Private Schools in Greater Noida
ग्रेटर नोएडा। Crackdown on Private Schools in Greater Noida, नए शैक्षणिक सत्र में अब गौतमबुद्ध नगर जिले के निजी स्कूल मनमानी नहीं चला सकेंगे। मनमानी पर रोक लगाने के लिए शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। विभाग की ओर से सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि नए शैक्षणिक सत्र में नियम विरूद्ध फीस, कॉपी-किताबों के अलावा चीजों में रुपये नहीं बढ़ा सकते हैं। मनमानी करने परमान्यता रद्द करने से लेकर पांच लाख जुर्माना लगाया जाएगा या फिर दोनों कार्रवाई की जाएगी।
गौतमबुद्ध नगर जिले में करीब 2500 स्कूल संचालित हैं। हर वर्ष किसी न किसी स्कूलों में मनमाने ढंग से फीस बढ़ाए जाने से लेकर कॉपी-किताबों और परिवहन में अधिक रुपये वसूले जाने के आरोप लगते हैं। इसे देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से सभी स्कूलों को पत्र जारी कर कहा गया है कि कोई स्कूल किसी भी तरह की मनमानी नहीं करेगा। प्रवेश के समय ही छात्रों या अभिभावकों को विद्यालय की शुल्क प्रक्रिया को बताना होगा।
पुस्तिका व पंजीकरण शुल्क सिर्फ एक बार जमा कराया जाए
शुल्क को अलग-अलग बांटकर बताना सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा विवरण पुस्तिका व पंजीकरण शुल्क सिर्फ एक बार जमा कराया जाए। प्रवेश शुल्क केवल नए प्रवेश में लिया जाएगा और परीक्षा शुल्क केवल परीक्षाओं के समय लिया जाए। इसके अलावा परिवहन, बोर्डिंग, मेस या डाइनिंग, शैक्षणिक भ्रमण के अलावा अन्य तरीके कार्यक्रमों के लिए जाने वाले शुल्क वार्षिक निर्धारित किए जाएं और किसी भी तरह से बढ़ोतरी नहीं की जाए।
अधिकतम 7.11 प्रतिशत बढ़ा सकेंगे शुल्क
स्कूलों में शुल्क बढ़ाए जाने का आधार उत्तर प्रदेश शुल्क नियामक 2018 है। इसके आधार पर स्कूल उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआइ) या शिक्षकों की वेतन वृद्धि में जो न्यूनतम होगा उसमें पांच प्रतिशत राशि जोड़कर शुल्क में बढ़ोतरी कर सकते हैं। शिक्षा विभाग के अनुसार इस वर्ष सीपीआइ 2.11 प्रतिशत है। इसके अनुसार स्कूल पांच प्रतिशत जोड़कर अधिकतम 7.11 प्रतिशत ही शुल्क बढ़ा सकेंगे।
सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की शुल्क मनमाने ढंग से नहीं बढ़ा सकते हैं। अगर कहीं से भी कोई शिकायत आती है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई किए जाने के साथ ही जुर्माना लगाया जा सकता है।
-
- राजेश कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक गौतमबुद्ध नगर