हिमाचल पंचायत चुनाव में बड़ी गड़बड़ी, तीन पंचायतों की मतगणना पर रोक
Counting Halted in Three
Himachal Pradesh में पंचायत चुनाव के पहले चरण के दौरान मतदान प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद राज्य चुनाव आयोग ने तीन ग्राम पंचायतों की मतगणना पर रोक लगा दी है। ये मामले चम्बा, सिरमौर और शिमला जिलों से जुड़े हैं। आयोग ने तीनों घटनाओं को गंभीर मानते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहला मामला Chamba जिले के तिस्सा विकास खंड की सनवाल पंचायत के वार्ड नंबर-2 का है। यहां एक दिव्यांग मतदाता के साथ मतदान केंद्र पहुंचे व्यक्ति से निर्धारित घोषणा पत्र नहीं भरवाया गया। चुनाव नियमों के अनुसार यदि कोई दिव्यांग मतदाता स्वयं मतदान करने में सक्षम नहीं होता, तो उसके साथ आए व्यक्ति से निर्धारित फॉर्म भरवाना अनिवार्य होता है। आरोप है कि चुनाव कर्मचारियों ने इस नियम की अनदेखी की। मामला आयोग के संज्ञान में आने के बाद संबंधित वार्ड में मतगणना रोक दी गई और अब वहां 30 मई को दोबारा मतदान कराया जाएगा।
दूसरा मामला Sirmaur जिले की एक पंचायत से जुड़ा है, जहां मतदान के बाद बैलेट बॉक्स की अदला-बदली हो गई। जानकारी के मुताबिक जिला परिषद चुनाव का बैलेट बॉक्स पंचायत चुनाव केंद्र पहुंच गया, जबकि पंचायत चुनाव का बैलेट बॉक्स जिला परिषद केंद्र में चला गया। मामला सामने आने पर आयोग ने तुरंत मतगणना रुकवा दी। बाद में सही बैलेट बॉक्स संबंधित केंद्र तक पहुंचाया गया और अब नियमानुसार मतगणना करवाई जाएगी।
तीसरा मामला Shimla जिले के रामपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत नरैण के ब्रांदली मतदान केंद्र से सामने आया। यहां मतदान कक्ष के भीतर एरो क्रॉस मार्क सील के साथ नोटा की रबर स्टाम्प भी छोड़ दी गई थी। सामान्य तौर पर नोटा की मोहर केवल चुनाव कर्मचारियों के उपयोग के लिए होती है और इसे मतदान गोपनीय कक्ष में नहीं रखा जाता। घटना के बाद चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे। आयोग ने इस मतदान केंद्र पर चुनाव प्रक्रिया रोकते हुए पंचायत की मतगणना भी स्थगित कर दी है। अब यहां दोबारा मतदान करवाया जाएगा।