मुजफ्फरपुर विधायक की छवि धूमिल करने की साजिश: इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट, आरोपी ने दी AK-47 से भूनने की धमकी
Conspiracy to Tarnish Muzaffarpur MLA's Image
मुजफ्फरपुर। इंटरनेट मीडिया पर मुजफ्फरपुर विधायक रंजन कुमार की तस्वीर लगाकर चरित्र हनन का प्रयास करने के मामले में मिठनपुरा थाने में प्राथमिकी कराई गई है।
इसमें कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार को आरोपित किया गया है। मिठनपुरा थानाध्यक्ष अजय कुमार ने कहा मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्राथमिकी में नगर विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र 94 को लेकर आरोपित हमेशा भ्रामक पोस्ट करता रहता है। शुक्रवार रात भी उनकी तस्वीर को लगाकर उनका चरित्र हनन करने का प्रयास किया गया।
विधायक ने कहा कि पूर्व में भी वहां के स्थानीय लोगों ने कई उसे मना किया था कि इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक कुछ न पोस्ट करें। विधायक की कभी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन वह इस तरह की गलती कर रहा था।
घर पहुंचने पर गाली-गलौच
शनिवार को विधायक, उनकी टीम के सदस्य व उस मोहल्ले के सभी सम्मानित लोग उसके आवास पर पूछताछ करने गए। इस पर आरोपित ने विधायक व उनके साथ गए लोगों के साथ उग्र होकर गाली-गलौच किया।
आरोपित व उसके लोगों ने विधायक के साथ गए लोगों के साथ मारपीट की। आरोपित बार-बार बोल रहा था कि जेल जाने से नहीं डरता हूं। कहा कि पूर्व में भी एके-47 हथियार रखने के जुर्म में जेल से वापस आया हूं। उसी हथियार से सबको भून दूंगा।
उक्त प्रकरण को लेकर विधायक ने संबंधित के इंटरनेट मीडिया खातों की जांच कर दोषियों पर कठोर विधिक कार्रवाई के लिए प्राथमिकी कराई है। इसकी प्रतिलिपि वरीय पुलिस अधीक्षक व साइबर उपाधीक्षक को भी दी है।