हरियाणा में मतदाता सूची पुनरीक्षण से पहले कांग्रेस सक्रिय, बीएलए-1 को दिया जाएगा प्रशिक्षण
Congress active before voter list revision in Haryana, BLA-1 will be given training
पंचकूला। हरियाणा में 15 जून से मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) आरंभ होने जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस अपने बीएलए-1 को प्रशिक्षित करने के लिए 27 मई को चंडीगढ़ में प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन करेगी।
बीएलए-1 मतदाता सूचियों पर नजर रखेंगे, मतदाताओं के मिलान में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हो सके। बिहार तथा बंगाल में हुई एसआइआर प्रक्रिया में कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दल मतदाताओं के नाम काटने का आरोप लगा चुके हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हरियाणा में वोट चोरी का आरोप पहले ही लगा चुके हैं। उन्होंने कई बार कहा है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार तीसरी बार वोट चोरी कर बनी है। कुछ मतदाताओं के उन्होंने नाम भी उजागर किए थे।
कांग्रेस के बड़े नेता देंगे प्रशिक्षण
हालांकि उनमें से कई मतदाता सामने आकर उनके आरोप का खंडन कर चुके हैंं। अब जब प्रदेश में चुनाव आयोग ने एसआइआर कराने का निर्णय लिया है तो पार्टी ने भी इस प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए बीएलए को तैयार करने की प्रक्रिया चालू की है।
चंडीगढ़ में होने वाली प्रशिक्षण कार्यशाला में हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कई नेता बीएलए-वन को प्रशिक्षित करेंगे।
राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि पार्टी नेताओं से लेकर जिलाध्यक्षों और बीएलए-वन को कार्यशाला के कार्यक्रम से अवगत करा दिया गया है।