Commercial LPG Cylinder Price Reduced: कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ सस्ता, कीमत में 100 रुपए की कटौती

LPG सिलेंडर की कीमत घटी; अब देने होंगे इतने रुपए, जानिए कितना सस्ता हुआ?

Commercial LPG Cylinder Price Reduced From 1 August 2023

Commercial LPG Cylinder Price Reduced From 1 August 2023

Commercial LPG Cylinder Price Reduced: अगस्त की पहली तारीख के साथ एलपीजी सिलेंडर की कीमत भी बदल गई है। हालांकि, घरेलू LPG सिलेंडर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 19 किलोग्राम के कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत घटाई गई है। कमर्शियल LPG सिलेंडर अब 100 रुपए सस्ता हो गया है। देश की राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर 1780 रुपए की बजाय अब 1680 रुपए का मिलेगा।

जबकि कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1895.50 की बजाय 1802.50 रुपए होगी। मुंबई में 1733.50 की बजाय 1640.50 रुपए और चेन्नई में कमर्शियल LPG सिलेंडर की नई कीमत 1945 की बजाय 1852.50 रुपए होगी। कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में कमी से होटल, रेस्टोरेंट और रेहड़ी पर फूड आइटम बेचने वालों को राहत मिल गई है।

4 जुलाई को 7 रुपए महंगा हुआ था कमर्शियल LPG सिलेंडर

ध्यान रहे कि, इससे पहले 4 जुलाई को कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में बदलाव किया गया था। तब कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 7 रुपए बढ़ा दी गई थी। जिसके बाद दिल्ली में 1773 रुपए में मिल रहा कमर्शियल LPG सिलेंडर 1780 रुपए का मिलने लगा था।

1 जून को घटाई गई थी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत

जुलाई से पहले 1 जून को कमर्शियल सिलेंडर की कीमत घटाई गई थी। जून की पहली तारीख में 19 किलोग्राम के कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 83.50 रुपए कम कर दी गई थी । जिससे तब दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1856.50 रुपए की बजाय 1773 रुपए हो गई थी। आपको बतादें कि, 19 मई 2022 के बाद से कमर्शियल सिलेंडर की कीमत घटाई जा रही है। सिर्फ जनवरी और मार्च 2023 में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी की गई और इसके बाद अप्रैल में फिर से कीमत घटा दी गई थी। वहीं मई 2023 की 1 तारीख को भी कमर्शियल सिलेंडर सस्ता किया गया था।

घरेलू LPG सिलेंडर में कोई बदलाव नहीं

फिलहाल, एक बार फिर से 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। न ही कीमत बढ़ाई गई है और न ही घटाई गई है। घरेलू उपभोक्ता हर बार इसी आस में रह जाते है कि घरेलु सिलेंडर भी सस्ता होगा लेकिन ऐसा होता ही नहीं। मौजूदा समय में घरेलू सिलेंडर की दिल्ली में कीमत 1,103 रुपये रहेगी। वहीं मुंबई में 1112.5 रुपये, कोलकाता में 1129 रुपये और चेन्नई में 1,118.5 रुपये रहेगी। बतादें कि, जून 2021 के बाद से एक भी बार घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में कटौती नहीं की गई। उल्टा कीमत बढ़ाई गई है।

 Commercial LPG Cylinder Price Reduced
Commercial LPG Cylinder Price Reduced