जयपुर में झुके छह मंजिला भवन को नगर निगम ने गिराया
Municipal Corporation Demolishes
जयपुर । Municipal Corporation Demolishes, जयपुर में रामगंज क्षेत्र के चीता वालों के मौहल्ले में एक तरफ झुके छह मंजिला भवन को नगर निगम ने गुरूवार को गिरा दिया। निगमकर्मियों ने जैसे ही भवन को गिराया तो जोरदार धमाका हुआ।
छह मंजिला भवन गिराने से पहले प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। आसपास एक दर्जन घरों को खाली करवाने के साथ ही रास्ते भी बंद कर दिए थे। भवन गिराने से पहले इसमें रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरिकत कर दिया गया था। भवन गिरने के दौरान उसके सामने वाले एक घर में थोड़ा नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार छह मंजिला भवन के निर्माण के दौरान एक पिलर क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे भवन एक तरफ झुक गया था। नगर निगम किशनपोल जोन के उपायुक्त विजेंद्र सिंह ने बताया कि भवन में 50 से अधिक लोग रहते थे।
चार मंजिला भवन पहले से था, इसका पांचवीं एवं छठी मंजिल का पिछले माह निर्माण करवाया गया था। निर्माण कार्य के दौरान ही यह एक तरफ झुक गया था। निर्माण कार्य बिना निगम की अनुमति के किया गया था।