सीएम सैनी का ‘डीबीटी’ संदेश: एक क्लिक में लाखों खातों में पहुंची राहत
- By Gaurav --
- Saturday, 11 Apr, 2026
CM Nayab Saini Transfers Benefits
हरियाणा की राजनीति और प्रशासन में आज का दिन ‘डीबीटी’ (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के नाम रहा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डिजिटल व्यवस्था के जरिए एक क्लिक में प्रदेश के लाखों लाभार्थियों के खातों में विभिन्न योजनाओं की राशि ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
हाल ही में हरियाणा के कई जिलों में हुई ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने राहत की घोषणा करते हुए बताया कि सिरसा, हिसार और फतेहाबाद के किसानों के लिए ‘ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल’ खोल दिया गया है, जबकि कुरुक्षेत्र जिले के लिए यह पोर्टल जल्द ही सक्रिय किया जाएगा। किसान पोर्टल पर फसल नुकसान का विवरण दर्ज कर मुआवजे के लिए आवेदन कर सकेंगे।
मंडियों की स्थिति पर जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की मंडियों में अब तक 17.37 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है। सरकार द्वारा किसानों को उनकी फसल का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा रहा है।
इसके अलावा खेती में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने अनुसूचित जाति (SC) के 645 किसानों को ट्रैक्टर खरीदने के लिए 19.35 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान की है। प्रति किसान 3 लाख रुपये की यह सहायता खेती की लागत कम करने में सहायक साबित होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों में किसानों को मंडियों में रातें गुजारनी पड़ती थीं और भुगतान के लिए महीनों इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब हर महीने की 10 तारीख को पेंशन और अन्य लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहे हैं।