पंचकूला में CKYCR प्रशिक्षण: PNB ने प्रशिक्षकों को किया सशक्त

पंचकूला में CKYCR प्रशिक्षण: PNB ने प्रशिक्षकों को किया सशक्त

CKYCR Training in Panchkula

CKYCR Training in Panchkula

चंडीगढ़, 20 मार्च 2026: CKYCR Training in Panchkula: भारत सरकार वित्त मंत्रालय के निर्देशानुसार पंजाब नेशनल बैंक द्वारा स्टाफ ट्रेनिंग कॉलेज ,पंचकूला में सेंट्रल केवाईसी रजिस्ट्री (CKYCR) पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण पंजाब, हरियाणा एवं  चंडीगढ़ के वित्तीय साक्षरता केंद्र एवं ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान  के प्रशिक्षकों के लिए संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था।

इस अवसर पर राम किशोर मीणा उप महाप्रबंधक  राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, पंजाब ने RSETIs एवं FLCs की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये संस्थान जमीनी स्तर पर वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने तथा स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने जोर दिया कि ये संस्थान वित्तीय समावेशन को मजबूत करने और लोगों को जागरूक एवं सशक्त बनाने में प्रमुख भूमिका निभाते हैं। 

CKYCR Training in Panchkula

जोगिंदर सिंह उप महाप्रबंधक राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति हरियाणा ने RSETIs एवं FLCs द्वारा प्रदान की जाने वाली वित्तीय साक्षरता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ये संस्थान लोगों को वित्तीय जागरूकता, बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच एवं सही वित्तीय निर्णय लेने के लिए शिक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिससे समग्र वित्तीय प्रणाली और अधिक सुदृढ़ होती है।

प्रशिक्षण सत्र का संचालन अक्षय कुमार, मुख्य प्रबंधक, CERSAI  (भारत की प्रतिभूतिकरण, परिसंपत्ति पुनर्निर्माण एवं सुरक्षा हित केंद्रीय रजिस्ट्री) द्वारा किया गया। उन्होंने CKYCR की प्रक्रियाओं, अनुपालन आवश्यकताओं एवं वित्तीय प्रणाली को सुदृढ़ बनाने में इसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम में लगभग 100  से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया |

एस के सिंगल, मुखय प्रबन्धक केंद्र शासित प्रदेश स्तरीय बैंकर्स समिति चंडीगढ़ ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए बैंकिंग क्षेत्र में बढ़ती डिजिटलाइजेशन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों के प्रति आगाह किया तथा विशेष रूप से FLCs को निर्देशित किया कि वे अपने द्वारा आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविरों में डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति जागरूकता को अनिवार्य रूप से शामिल करें, ताकि आम जनता को ऐसे जोखिमों से बचाया जा सके।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षकों की क्षमता को बढ़ाना था, ताकि वे CKYCR से संबंधित जानकारी को प्रभावी रूप से प्रसारित कर सकें। प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया, जो वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने में सहायक होगा।इस अवसर पर मुख्य प्रबन्धक स्वप्निल अरोरा ,  विजय कुमार , शिखा तंवर , परमजीत कौर , दिनेश अरोरा सहित हरयाणा एवं पंजाब के प्रत्येक जिले से आए हुए प्रतिभागी शामिल थे |

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें वित्तीय जागरूकता एवं क्षमता निर्माण के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता दोहराई गई।