श्रद्धांजलि: भारत रत्न पंडित गोविंद वल्लभ पंत की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया नमन
Chief Minister Yogi Adityanath paid homage to Bharat Ratna Pandit Govind Vallabh Pant
लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री व भारत रत्न पंडित गोविंद वल्लभ पंत की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत रत्न पंत के कार्यों और जीवन वृत पर प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंडित गोविंद वल्लभ पंत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कुशल अधिवक्ता और सुयोग्य प्रशासक थे। उनके कार्य आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका व्यक्तित्व निरंतर हमारा मार्गदर्शन करता है। उन्होंने कहा कि पंत ने अपने समय में उत्तर प्रदेश के विकास और सुधार के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए।
लोकभवन में शनिवार को उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री व भारत रत्न पंडत गोविंद वल्लभ पंत की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि गोविंद बल्लभ पंत का जन्म वर्तमान उत्तराखंड में हुआ था, जो उस समय संयुक्त प्रांत का हिस्सा था। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आह्वान पर उन्होंने वकालत छोड़कर स्वाधीनता संग्राम में सक्रिय भागीदारी की। देश की आजादी से पहले वर्ष 1937 में उन्हें संयुक्त प्रांत का प्रीमियर चुना गया था और बाद में स्वतंत्र भारत में वह उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री बने।
उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री के रूप में पंत ने प्रदेश के विकास की मजबूत आधारशिला रखी और दूरदर्शी सोच प्रस्तुत की। उसी विजन का अनुसरण करते हुए आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि पंत ने देश के गृह मंत्री के रूप में भी देश को अमूल्य सेवाएं दीं और राजभाषा हिंदी के प्रोत्साहन व प्रचार-प्रसार में उनकी अहम भूमिका रही।
देश की स्वतंत्रता में उनके योगदान और राष्ट्र निर्माण में सेवाओं के लिए वर्ष 1957 में उन्हें ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख व महापौर सुषमा खर्कवाल सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।