चंडीगढ़ IG पुष्पेंद्र कुमार की गैंगस्टरों को दो टूक; धमकाने पर कहा- उनका ये काम, हमारा काम निपटना, गोल्डी ढिल्लों के ऑडियो की जांच

Chandigarh IG Message To Gangsters For Threatening And Crime Incidents

Chandigarh IG Message To Gangsters For Threatening And Crime Incidents

Chandigarh IG on Gangsters: चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर-11 केमिस्ट शॉप के कैशियर की हत्या मामले में आरोपी 2 शूटरों को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। जिसे पुलिस ने जल्द गिरफ्तार किए जाने की बात कही है। बता दें कि, पकड़े गए दोनों शूटरों ने गुरुवार सुबह जम्मू-कश्मीर से चंडीगढ़ पहुंचने पर धनास के पास पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश भी की। इस दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर दोनों को दोबारा काबू कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। वहीं शूटरों के इस हाफ एनकाउंटर के बाद चंडीगढ़ पुलिस के IG पुष्पेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता कर गैंगस्टरों को दो टूक संदेश दिया है।

गैंगस्टरों का काम धमकी देना, हमारा काम निपटना

दरअसल गैंगस्टरों की लगातार धमकियों को लेकर आईजी पुष्पेंद्र कुमार ने दो टूक बात कही है। आईजी ने कहा कि उनका काम धमकी देना है और हमारा काम उनसे निपटना है। पुलिस को जो करना वो कर रही है। बता दें कि दोनों शूटरों की गिरफ्तारी के बीच गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों की धमकी का एक ऐंगल भी सामने आया है। गोल्डी ढिल्लों के नाम से एक ऑडियो क्लिप सामने आई है। जिसमें वह चंडीगढ़ पुलिस को धमकी देते हुए कह रहा है कि हमारे भाइयों को नुकसान पहुंचाने का अंजाम बुरा होगा। चंडीगढ़ पुलिस ने इस धमकी को लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस केवल कार्रवाई करे और कुछ नहीं...

गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से दी जा रही इस धमकी में कहा जा रहा है, ''मैं गोल्डी ढिल्लों, हमारे भाइयों का कोई भी नुकसान किया या नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई तो फिर जायज और नाजायज कुछ भी नहीं देखा जाएगा। इस जवाब साथ के साथ दिया जाएगा, ये नहीं हम बहुत दिन लगाएंगे। अगर उन्हें अरेस्ट किया गया है तो पुलिस केवल वही कार्रवाई करे, जिसे करने का पुलिस का हक है। अगर किसी प्रेशर में पुलिस कुछ करती है तो हमारा जवाब जल्द आयेगा।''

एरिया सिक्योरिटी प्लान को मजबूती से लागू कर रहे

वहीं इस हत्याकांड के बाद से शहर में आम लोगों और खासकर व्यापारियों के बीच सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता पर आईजी ने कहा कि ऐसी वारदात दोबारा न हो, इसके लिए हम एरिया सिक्योरिटी प्लान को मजबूती से लागू कर रहे हैं, ग्राउंड पर सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। हमारी पूरी कोशिश है शहर में कहीं भी दोबारा ऐसी वारदात न होने पाये। वहीं आईजी ने कहा कि शहर के व्यापारियों से बातचीत की जा रही है और उन्हें अगर सुरक्षा की जरूरत लगती है तो उन्हें सुरक्षा भी दी जा रही है। साथ ही चंडीगढ़ पुलिस धमकी भरे फोन काल्स की जांच कर रही है। शहर में नाके बढ़ा दिए गए हैं और पुलिस अलर्ट है।

चंडीगढ़ पुलिस के इकबाल पर उठे सवाल

सेक्टर-11 हत्याकांड के बाद शहर के व्यापारियों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। साथ ही पूरे शहर के लोग भी सरेआम हुए इस हत्याकांड से दहल उठे। चंडीगढ़ पुलिस की कार्यशैली और शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। लोगों ने चंडीगढ़ पुलिस के इकबाल पर सवाल उठाए। लोगों का कहना था कि चालान काटने में आगे रहने वाली चंडीगढ़ पुलिस अपराध के आगे एकदम फिसड्डी साबित हो रही है। बदमाशों में चंडीगढ़ पुलिस का कोई खौफ, कोई डर ही नहीं है। अगर चंडीगढ़ पुलिस का इकबाल बुलंद हो तो शहर में वारदात करने से पहले बदमाशों के हौंसले अपने-आप पस्त पड़ जाएं और वो किसी वारदात को अंजाम देने से पहले सौ बार सोचें। लोगों ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस को अपराध पर ऐसी प्रभावी और रणनीतिक कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और बदमाश थर-थर कांपे।

यह पढ़ें-

चंडीगढ़ पुलिस की गाड़ी का एक्सिडेंट, फिर हथियार छीन भागे शूटर; IG ने बताया- स्टाफ पर फायरिंग की, चेतावनी देने पर भी नहीं रुके