चंडीगढ़ में कैरम गतिविधियों का कैलेंडर जारी, 20 मई से इंटर-स्कूल चैंपियनशिप
Chandigarh releases carrom activities calendar
चंडीगढ़, 3 मई: चंडीगढ़ कैरम एसोसिएशन ने वर्ष 2026-27 के लिए कैरम गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इस कैलेंडर में विभिन्न प्रतियोगिताओं, कोचिंग कैंप और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 8वीं इंटर-स्कूल कैरम टूर्नामेंट 20 से 22 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा फ्रेशर्स के लिए समर कोचिंग कैंप 15 से 26 जून तक लगाया जाएगा। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा, जबकि 4 जुलाई को ‘लॉज ऑफ कैरम’ पर एक दिवसीय क्लिनिक आयोजित होगा।
अगस्त में 28वीं सेंट स्टीफंस कैरम रैंकिंग टूर्नामेंट 22 से 24 अगस्त तक होगा, वहीं 35वीं चंडीगढ़ स्टेट कैरम टूर्नामेंट 10 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी।
एसोसिएशन ने यह भी निर्णय लिया है कि वर्ष 2026-27 के दौरान ऑल इंडिया कैरम फेडरेशन द्वारा आयोजित सभी राष्ट्रीय, जोनल और आमंत्रण टूर्नामेंट में चंडीगढ़ की टीमें भाग लेंगी। इसके लिए राष्ट्रीय चैंपियनशिप से पहले कोचिंग-कम-प्रैक्टिस कैंप भी लगाए जाएंगे।
इसी कड़ी में 8वीं इंटर-स्कूल कैरम चैंपियनशिप का आयोजन सेंट स्टीफंस स्कूल, सेक्टर-45, चंडीगढ़ में 20 से 22 मई 2026 तक किया जाएगा। यह प्रतियोगिता चंडीगढ़ कैरम एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होगी।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में कुल 8 इवेंट आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कक्षा 1 से 6 और कक्षा 7 से 12 तक के लड़के और लड़कियों के टीम और सिंगल्स मुकाबले शामिल हैं।
प्रत्येक टीम में संबंधित वर्ग के 4 लड़के और 4 लड़कियां होंगी। टीम चैंपियनशिप में भाग लेने वाले खिलाड़ी ही सिंगल्स इवेंट में हिस्सा लेने के पात्र होंगे।
चंडीगढ़, मोहाली (एसएएस नगर) और पंचकूला के स्कूलों से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। इच्छुक स्कूल निर्धारित प्रारूप में अपनी एंट्री मनोज गुलाटी, सेक्टर-35डी, चंडीगढ़ के पते पर जमा करवा सकते हैं।
एंट्री जमा कराने की अंतिम तिथि 14 मई 2026 शाम 6 बजे तक निर्धारित की गई है।