Chandigarh Administration on Corona : कोरोना वायरस की रफ्तार एक बार फिर तेज होती दिख रही है| ऐसे में पहले से अलर्ट हो जाना बेहद जरुरी हो गया है| बतादें कि देश के कई राज्यों में खासकर महाराष्ट्र में कोरोना को बड़े स्तर पर पैर पसारते देखा जा रहा है| इधर अगर सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ की बात करें तो यहां भी पिछले दिनों के मुकाबले कोरोना के मामले एकदम से बढ़ने शुरू हो गए हैं| जहां इसे लेकर चंडीगढ़ प्रशासन की चिंता बढ़ गई है| चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से लोगों से कोरोना के नियमों का पालन करने की बात कही गई है| इसके साथ ही प्रशासन ने महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते कहर को देखते हुए यहां से आने-जाने वालों के लिए बड़ा कदम उठाया है|
दरअसल, चंडीगढ़ प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मुंबई से आने-जाने वाले लोगों का कोरोना टेस्ट कराने का फैसला लिया है| रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर मुंबई से आने-जाने वाले लोगों का कोरोना टेस्ट होगा| इसके लिए एक अलग से टीम यहां पर नियुक्त की गई है जो आरटीपीसीआर टेस्ट कर रही है। मुंबई से आने-जाने वाले लोगों का पूरा रिकाॅर्ड रखा जा रहा है। रिपोर्ट नेगेटिव आने पर भी 7 दिन के लिए होम क्वारेंटाइन में रहना होगा और अगर रिपोर्ट पॉजिटिव रिपोर्ट आती है तो फिर हॉस्पिटल में क्वारेंटाइन किया जाएगा।
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के स्टेशन सुपरिंटेंडेंट अनिल अग्रवाल ने बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से रेलवे स्टेशन पर एक काउंटर बना दिया गया है। यहां पर यात्रियों की स्क्रीनिंग और टेस्टिंग की जा रही है।चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ अजय कुमार ने बताया कि चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मुंबई से आने वाले यात्रियों का आरटीपीसीआर टेस्ट किया जाएगा। यहां से जाने वाले यात्रियों को भी आरटीपीसीआर रिपोर्ट लेकर ही जाना होगा।
बतादें कि, अभी सिर्फ मुंबई से आने-जाने वाले लोगों के लिए चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से यह कदम उठाया गया है| आगे के स्थिति को देखते हुए ऐसा नियम अन्य राज्यों से आने और को जाने वाले लोगों के लिए भी लागू किया जा सकता है| आपको बतादें कि, चंडीगढ़ में अबतक कोरोना के 21,541 मामले सामने आ चुके हैं| हालाँकि इनमें से 20,940 लोग ठीक हो गए हैं| और बुरी बात यह है कि 351 लोगों की जिंदगी कोरोना ने खा ली है| बीते 24 घंटों की बात करें तो शहर में कोरोना के 41 नए मामले पाए गए हैं| जबकि 17 लोग ठीक हुए हैं| वहीँ 1 मौत भी हुई है|