कानपुर में दर्दनाक सड़क दुर्घटना: वैष्णो देवी दर्शन को जा रहे कौशांबी के परिवार की कार पलटी, एक की मौत
Tragic Road Accident in Kanpur
महाराजपुर(कानपुर)। Tragic Road Accident in Kanpur, कानपुर में शुक्रवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया। वैष्णो देवी दर्शन के लिए कौशांबी से परिवार कार से जा रहा था। महाराजपुर के पास टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई जिसमें एक की मौत हो गई, सात घायल हो गए।
महाराजपुर में शुक्रवार शाम फतेहपुर से कानपुर लेन में तेज रफ्तार कार का टायर अचानक फट गया। कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटी और एक पेड़ से टकराकर रुक गई। कार के अंदर फंसे लोगों की चीखपुकार सुन आसपास के लोग मदद को दौड़े। शीशों को तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में घायलों को सीएचसी सरसौल भेजा गया जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई।
कौशांबी के पश्चिम सरीरा थाना क्षेत्र के गोराजू निवासी अशोक कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि आशीष विश्वकर्मा, रमेश प्रजापति, वीरेंद्र गुप्ता, राजकुमार, अनुराग व खोताई वर्मा एक साथ कार से कौशांबी से कटरा स्थित वैष्णो देवी माता के दर्शन करने जा रहे थे। शुक्रवार सुबह वो लोग घर से निकले थे। शाम को महाराजपुर के पास अचानक कार का पिछला टायर फट गया।
अनियंत्रित होकर कार कई बार पलटी और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। आसपास के लोगों ने कार के अंदर फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने सीएचसी सरसौल भेजा। वहां से सभी को एलएलआर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। गंभीर घायल 31 वर्षीय आशीष विश्वकर्मा की उपचार के दौरान मौत हो गई। महाराजपुर थाना प्रभारी ने बताया कार का टायर फटने से हादसा हुआ है।