सड़क पर नमाज का ऐलान पड़ा भारी! AIMIM के जिलाध्यक्ष यामीन खान पर FIR, कांवड़ियों पर की थी अभद्र टिप्पणी
Aligarh AIMIM Chief FIR Lodge News
अलीगढ़: Aligarh AIMIM Chief FIR Lodge News: AIMIM के जिलाध्यक्ष यामीन खान अब्बासी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और सोशल मीडिया पर सड़क पर नमाज पढ़ने के ऐलान को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है. मामला थाना सिविल लाइन क्षेत्र का है. शिकायत के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.
सिविल लाइन थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे विधिक कार्रवाई की जा रही है. इस मामले की विवेचना थाना सिविल लाइन के पुलिस निरीक्षक अमरेश कुमार त्यागी कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और बयान की सत्यता की जांच की जा रही है.
पुलिस को मिली शिकायत के मुताबिक, सासनी गेट क्षेत्र स्थित पुराने डाकखाने के पास रहने वाले गौरव माहेश्वरी ने थाना सिविल लाइन में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 21 मई को AIMIM जिलाध्यक्ष यामीन खान अब्बासी ने सोशल मीडिया के माध्यम से सड़क पर नमाज पढ़ने की बात कही थी.
आरोप है कि इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा और कांवड़ियों को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया. शिकायतकर्ता गौरव माहेश्वरी का कहना है कि सोशल मीडिया पर किए गए बयान में कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को लेकर अभद्र टिप्पणी की गई और कांवड़ियों को नशेड़ी कहा गया.
उनका आरोप है कि इस तरह की टिप्पणी से हिंदू समाज और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है. उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए मुकदमा दर्ज कराने की अपील की थी. मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सिविल लाइन पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है.
पुलिस अब सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूरे मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.