Boda Village Votes in Sarpanch

फर्जी मार्कशीट मामले के बाद बोडा में सरपंच उपचुनाव, दो उम्मीदवारों के बीच सीधी टक्कर

undefined

Boda Village Votes in Sarpanch

कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा के गांव बोडा में सरपंच पद के लिए उपचुनाव को लेकर मतदान जारी है। गांव की राजनीति पिछले करीब एक साल से चर्चा में बनी हुई है, क्योंकि पूर्व सरपंच रामचंद्र को फर्जी 10वीं की मार्कशीट मामले में पद से हटाया गया था। अब उसी सीट पर दो उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है।

पिहोवा के एसडीएम अनिल कुमार दून ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक 450 से अधिक वोट डाले जा चुके हैं। चुनाव मैदान में गुरदेव पुरी और अमरीक सिंह आमने-सामने हैं। गुरदेव पुरी इससे पहले भी रामचंद्र के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं, जिसमें रामचंद्र ने महज 3 वोटों से जीत हासिल की थी।

पूर्व सरपंच को पद से हटाए जाने के बाद पंच देवीचंद को कार्यकारी सरपंच नियुक्त किया गया था। प्रशासन की ओर से चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

सरपंच चुनाव के लिए गांव बोडा के प्राइमरी स्कूल और सरस्वती खेड़ा कॉलोनी में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा सरस्वती खेड़ा कॉलोनी के वार्ड नंबर-6 में पंच पद के लिए भी मतदान जारी है। वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी।

जिले में कुल एक सरपंच और 23 पंच पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई थी। नामांकन वापसी के बाद 14 पंच निर्विरोध चुने गए, जबकि 8 पंच पदों पर कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ। फिलहाल बोडा सरपंच सीट और वार्ड नंबर-6 के पंच पद के लिए मतदान करवाया जा रहा है।