Panchkula Result: पंचकूला में बीजेपी की प्रचंड जीत; श्यामलाल बंसल बने नए मेयर, कांग्रेस उम्मीदवार सुधा भारद्वाज को हराया

पंचकूला में बीजेपी की प्रचंड जीत; श्यामलाल बंसल बने नए मेयर, कांग्रेस उम्मीदवार सुधा भारद्वाज को भारी वोटों के अंतर से हराया

BJP Shyamlal Bansal Wins Panchkula Mayor Election Result 2026

BJP Shyamlal Bansal Wins Panchkula Mayor Election Result 2026

Panchkula Election Result: 2026 के पंचकूला नगर निगम चुनाव में बीजेपी ने प्रचंड जीत दर्ज की है या यूं कहें की बीजेपी की ये एकतरफा जीत है। वहीं इस बड़ी जीत के साथ बीजेपी ने पंचकूला के मेयर पद पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। बीजेपी उम्मीदवार श्यामलाल बंसल ने मेयर पद के मुक़ाबले में कांग्रेस उम्मीदवार सुधा भारद्वाज को 36,252 वोटों के भारी अंतर से हराया है। बंसल को कुल 68,544 वोट मिले। जबकि प्रतिद्वंदी सुधा भारद्वाज को 32,292 वोट ही हासिल हो पाये और इस तरह से उन्हें हार का सामना करना पड़ा।  

इधर मेयर पद के मुक़ाबले में अन्य उम्मीदवारों की हालत भी पतली ही रही। इनेलो से मनोज अग्रवाल को 3,465 वोटों के साथ ही संतोष करना पड़ा। जबकि आम आदमी पार्टी उम्मीदवार राजेश कुमार को 2,759 वोट मिले। इसके अलावा आजाद उम्मीदवार के तौर पर खड़े करनैल सिंह बांगड को 1,188 और चौधरी चंदन सिंह को 1051 वोट ही मिल पाये। इसके अलावा नोटा को 1443 वोट गए। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 3 बजकर 30 मिनट पर ये आधिकारिक आंकड़े जारी किए गए और पंचकूला मेयर पद पर बीजेपी के श्यामलाल बंसल की जीत की घोषणा कर दी गई। बंसल की जीत से बीजेपी खेमे में ढ़ोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया जा रहा है।

BJP Shyamlal Bansal Wins Panchkula Mayor Election Result 2026

बंसल ने सुबह से ही मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत रखी

पंचकूला नगर निगम चुनाव के नतीजे आज (13 मई) को सुबह 8 बजे से जब घोषित होने शुरू हुए तो शुरू से ही श्यामलाल बंसल ने मेयर मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। वह प्रतिद्वंदी सुधा भारद्वाज से लगातार बढ़त बनाए रहे और बढ़त का यह आंकड़ा काफी अंतर भरा रहा। किसी-किसी राउंड में दुगुने वोटों से ज्यादा का अंतर भी दिखा। वहीं फाइनल रिजल्ट में बंसल को सुधा भारद्वाज से दुगुने से ज्यादा वोट मिले और इसी के साथ श्यामलाल बंसल पंचकूला के नए मेयर बन गए। बता दें कि पंचकूला मेयर पद के लिए वोटों की गिनती कुल 21 राउंड में पूरी की गई।

श्यामलाल बंसल के सिर सजा मेयर का ताज

फिलहाल औपचारिक तौर से श्यामलाल बंसल के सिर पंचकूला मेयर का ताज सज चुका है। निर्वाचन अधिकारी द्वारा विजयी हुए श्यामलाल बंसल को जीत का प्रमाण पत्र सौंप दिया गया है। वहीं इस बंपर जीत के बाद श्यामलाल बंसल ने पंचकूला की जनता का आभार जताया है। बंसल ने कहा कि बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत की यह जीत है। वहीं कांग्रेस के वोटों की गड़बड़ी वाले आरोप पर बंसल ने कहा कि हमने वोटों की धांधली नहीं की, हमने दिलों में धांधली की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने आप में बंटी हुई है और उनके नेता लोगों के बीच नहीं गए। इसी के साथ बंसल ने कहा कि पंचकूला में कुछ काम उनकी नजरों में हैं जो वह प्राथमिकता के साथ कराएंगे।

वहीं बीजेपी के इस एकतरफा प्रदर्शन से साफ होता है कि पंचकूला की जनता ने नगर निगम के विकास कार्यों और भाजपा के नेतृत्व पर एक बार फिर से पूरा भरोसा जताया है। आपको बता दें कि इस बार पंचकूला नगर निगम चुनाव 2026 में पंचकूला मेयर और यहां के कुल 20 वार्डों के लिए 10 मई को वोटिंग कराई गई थी. जिसमें 52% के करीब वोटिंग दर्ज की गई। कम वोटिंग से बीजेपी को नुकसान माना जा रहा था लेकिन फाइनल परिणाम में तस्वीर ही बदल गई।

सोनीपत में BJP की बड़ी जीत; मेयर सीट पर खिला 'कमल', राजीव जैन ने कांग्रेस उम्मीदवार कमल दीवान को हराया, जानें कितने वोट मिलें

रिपोर्ट- आदित्य शर्मा