BJP Leader Sanjay Tandon On Himachal Assembly Election 2022

हिमाचल में टूटेगी रवायत, रिपीट होगी भाजपा सरकार

BJP Leader Sanjay Tandon On Himachal Assembly Election 2022

BJP Leader Sanjay Tandon On Himachal Assembly Election 2022

कहने को त्रिकोणीय मुकाबला, टक्कर भाजपा और कांग्रेस में
पंजाब व दिल्ली हिमाचल प्रदेश के बहुत निकट, लोग जानते हैं कि आप गप्पी व विज्ञापन पार्टी, हिमाचल में घुसपैठ की कोशिश रहेगी नाकाम
मुख्यमंत्री जयराम की पार्टी ने किया अभूतपूर्व काम, डबल इंजन की सरकार करेगी रिपीट

Himachal Assembly Election 2022 : हिमाचल में चुनावी बिगुल बजने के साथ ही सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। फिलहाल प्रदेश में भाजपा की सरकार है। अब तक हिमाचल के इतिहास में भाजपा व कांग्रेस में ही कड़ा मुकाबला होता आया है। इस बार यहां के चुनाव में आम आदमी पार्टी की भी एंट्री हुई है। पंजाब में आप की सरकार बनने के बाद पार्टी ने हिमाचल में भी पूरी ताकत लगा रखी है| पंजाब के सीएम भगवंत मान भी लगातार हिमाचल प्रदेश व गुजरात के दौरों पर हैं।

चुनावों को लेकर आज हम आपको ऐसे भाजपा नेता से रूबरू करा रहे हैं| जिनका नाम है संजय टंडन और जिनके नेतृत्व में पहले चंडीगढ़ में नगर निगम पर भाजपा काबिज हुई। हरियाणा विधानसभा चुनावों में भी इनकी विशेष भूमिका रही। अब इन्हें हिमाचल प्रदेश का सह प्रभारी बनाकर किला फतेह करने की जिममेदारी दी गई है। यहां भी वह पूरे दमखम से पार्टी को सत्ता में लाने की दिशा में अग्रसर हो रहे हैं। इस संबंध में अर्थप्रकाश की विशेष टीम ने कई मुद्दों को लेकर उनसे बातचीत की। उन्होंने व केवल बेबाकी से चुनावों को लेकर अपनी बात रखी बल्कि विपक्षियों की पोल भी खोली। देखें विशेष संवाददाता साजन शर्मा की विशेष रिपोर्ट।

सवालों का सिलसिला

सवाल - क्या लगता है कि हिमाचल की जनता इस बार बरसों से चली आ रही रवायत को तोड़ेगी? इस बार कांग्रेस को मौका देगी या भाजपा रिपीट करेगी?

हिमाचल प्रदेश की जनता बरसों से राज्य में चली आ रही रवायत को इस मर्तबा तोड़ देगी। सौ प्रतिशत दावे के साथ कह सकता हूं कि प्रदेश में सरकार बिलकुल नहीं बदलेगी बल्कि दोबारा भाजपा की सरकार ही रिपीट करेगी। कहने को त्रिकोणीय मुकाबला है लेकिन मुखयत: टक्कर भाजपा और कांग्रेस पार्टी के बीच है। आम आदमी पार्टी हिमाचल विधानसभा चुनावों में भले ही घुसपैठ करने की कोशिश कर रही है लेकिन उसे कामयाबी मिलती नहीं दिख रही। हिमाचल प्रदेश के लोग आप पार्टी का चेहरा पहचान चुके हैं। दिल्ली और पंजाब  हिमाचल से दूर नहीं है लिहाजा लोग इनकी गप्पों व विज्ञापन पार्टी की छवि से भलीभांति परिचित हो चुके हैं।

BJP Leader Sanjay Tandon On Himachal Assembly Election 2022
BJP Leader Sanjay Tandon On Himachal Assembly Election 2022

सवाल: भाजपा किन मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ रही है?

भारतीय जनता पार्टी विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। पांच सालों में मुख्यमंत्री जयराम के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने उल्लेखनीय काम किया है। 50 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में अभी तक जाना हुआ। आमजन मानता है कि सीएम जयराम की सरकार ने अभूतपूर्व काम किया है। हिमाचल में पहले कोई बीमार होता था तो पहले पीजीआई चंडीगढ़ या एम्स दिल्ली लेकर जाना पड़ता था। अब बिलासपुर में नए एम्स का उद्घाटन हो चुका है। प्रदेश के लोगों को सौगात मिली और अब उनके प्रदेश में ही इलाज मिलेगा। ऊना जिले को 2 हजार करोड़ की लागत से बल्क ड्रग पार्क की सौगात मिली। अटल टनल का निर्माण भाजपा की सरकार के दौरान ही हुआ। करीब 9 किलोमीटर की टनल बनने से 46 किलोमीटर का मनाली-रोहतांग रास्ता कम हो गया।

लाहौल स्फीति जो छह महीने दुनिया से कटा रहता था अब सारे वर्ष जुड़ा रहता है। अटल जी ने 2004 में इसका शिलान्यास किया था। कांग्रेस की दस साल केंद्र में और प्रदेश में भी सरकार रही लेकिन इस पर कोई काम नहीं हुआ। भाजपा सरकार ने बीड़ा उठाकर यह काम करवाया। मोदी की सरकार ने यह काम करवाया। एक एक घर में गैस का सिलेंडर पहुंचा। उज्जवला योजना के तहत महिला कल्याण के लिए एलपीजी सिलेंडर भेजे गए। हिमकेयर योजना को आयुष्मान योजना से जोड़ा गया ताकि लोगों को बिना पैसा खर्च किये इलाज मिले। 6 लाख 28 हजार लोग जोडक़र हेल्थ बीमा किया गया।

कोविड महामारी के दौरान जरूरतमंद हजारों लोगों का योजना के तहत इलाज हुआ। 100 प्रतिशत वैक्सीनेशन करने वाला हिमाचल प्रदेश पहला प्रदेश बना। टॉलीगंज के सबसे ऊंचे क्षेत्र तक में सरकार ने सफल वैक्सीनेशन अभियान चलाया। हेलीकॉप्टर से वैक्सीन भेजी गई। टॉलीगंज व हिमाचल के तमाम अन्य हिस्से नल अभियान से जुड़े। 96 प्रतिशत घर प्रदेश में जुड़ गए। पूरे प्रदेश में सडक़ों का शानदार जाल बिछाया गया। हर गांव सडक़ से जुड़ गया। यूं कह सकते हैं कि सीएम जयराम के नेतृत्व वाली सरकार ने विकास के नये आयाम स्थापित किये। दिल्ली में मोदी की सरकार है। डबल इंजन की सरकार की हिमाचल वासी फिर से वापसी चाहते हैं।

सवाल: भले ही आप डबल इंजन सरकार बतायें लेकिन कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही है?

कांग्रेस जो मर्जी आरोप लगाये लेकिन उनके पास न तो नेता है, न नीति है और न ही नीयत है। न ही कोई नियम है। भाजपा सभी पैमानों पर खरी उतरती है। हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने श्वेत पत्र निकालने की कोशिश की लेकिन क्या हुआ। यह बिलकुल खोखला हिस्सा निकला। लोगों ने इसे पूरी तरह नाकार दिया। चुनाव से 15 दिन पहले कांग्रेस को इसकी याद आई। प्रदेश का विकास और डबल इंजन की सरकार लोगों का मुद्दा है लिहाजा लोग इसी सरकार को रिपीट करने की ओर प्रयासरत हैं।

लोगों को मालूम है कि भाजपा नहीं तो विकास नहीं। दूसरा भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा हिमाचल प्रदेश से ही संबंध रखते हैं। लोग गौरान्वित महसूस करते हैं। यह भी बड़ी वजह है कि लोग प्रदेश को भाजपा की झोली में लाने को आतुर हैं।

हिमाचल प्रदेश में पांच साल के दौरान सरकार बदलती है पर एक ट्रेंड बीते दिनों यह भी देखने में आया है कि उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, गोवा, मणिपुर इत्यादि में रिवाज बदला और भाजपा ने सरकार रिपीट की है। कई जगह दो बार तो कई जगह तीन बार भी सरकार आई। कांग्रेस गिरावट की तरफ जा रही है। उनकी विचारधारा भी लेफ्ट-राइट जा रही है।

कांग्रेस को छोड़ उनके बड़े नेता भाजपा को ज्वाइन कर रहे हैं। उनके पास नेताओं की कमी हो रही है। नेताओं पर कोई कंट्रोल नहीं रहा। असम के सीएम कांग्रेस में थे, मध्यप्रदेश के नेता ज्योतिराजे सिंधिया भाजपा से जुड़े, पंजाब और जम्म-कश्मीर के गुलामनबी आजाद जैसे बड़े नेता भाजपा की ओर आ गए। यह गवाह है कि अब कांग्रेस में दम नहीं बचा। 8 दिसंबर को जब नतीजे सामने आएंगे तो देखेंगे कि जयराम की सरकार भी इन्हीं प्रदेशों की तरह रिपीट करेगी।

सवाल:बागी भाजपा के लिए एक सिरदर्द बने हुए हैं। चुनावी नतीजों पर ये क्या असर डालेंगे?

बागियों को लेकर केवल यही कहूंगा किव्यक्ति विशेष को जब लगती है कि सरकार बनने जा रही है तो उनकी इच्छाएं जागृत हो जाती हैं जिसमें कुछ गलत नहीं। हम पूरे सिस्टम के साथ काम करते हैं। जीतने वाले उम्मीदवारों पर ही टिकटें बांटी है और पार्टी ने दॉव लगाया है। सरकार रिपीट करनी है, इसको ध्यान रख कर ही सबकुछ तय हुआ है। जो लोग अभी बागी बने हुए हैं, उम्मीद है कि वो जल्द ही मुख्यधारा में लौटेंगे। कुछ पहले ही लौट चुके हैं।

सवाल:चुनाव जीतने को लेकर मोदी फैक्टर काम करेगा या जयराम के नेतृत्व वाली सरकार के विकास पर भरोसा है?

मोदी फैक्टर तो चुनाव में काम करेगा ही क्योंकि नरेंद्र मोदी के साथ लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं और यह अब बड़ा नाम है। इसे साइड पर नहीं किया जा सकता। हिमाचल प्रदेश को वह अपना दूसरा घर मानते हैं। मोदी काम नाम देश में ही नहीं बल्कि दुनिया में एक ब्रांड बन चुका है। वो मोदी ही हैं जिन्होंने हिमाचल को वंदेमातरम ट्रेन दे तक सौगात दी। ऊना को 2 हजार करोड़ का बल्क ड्रग पार्क दिया। एम्स का उद्घाटन किया। कुल्लू के दशहरे में व चंबा जैसे दूरदराज इलाकों में कभी कोई पीएम नहीं पहुंचा लेकिन मोदी ने ऐसा कर दिखाया। डबल इंजन सरकार के विकास और मोदी के ब्रांड को आधार बनाकर लोग वोट करेंगे,ऐसा विश्वास है। यह बड़ी वजह है कि भाजपा की सरकार एक बार फिर रिपीट करेगी।

सवाल: कितनी सीटें जीतने का आपको विश्वास है?

बीती मर्तबा से ज्यादा सीटें इस बार भाजपा हिमाचल चुनाव में जीतेगी। 8 नवंबर के नतीजे इस पर मुहर लगायेंगे।