बिहार सरकार ने सराहा यूपी का शिक्षा मॉडल, निपुण भारत और डिजिटल नवाचारों की हुई तारीफ
Bihar government lauds UP's education model
लखनऊ। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने उत्तर प्रदेश के शिक्षा माडल और नवाचारों की सराहना की है। बिहार शिक्षा विभाग की टीम ने पिछले माह यूपी में अध्ययन भ्रमण किया था।
इस दौरान टीम ने यहां की शिक्षा व्यवस्था और नए प्रयोगों को करीब से देखा और समझा। बिहार सरकार की ओर से अपर मुख्य सचिव शिक्षा डॉ. बी राजेंद्र की ओर से बेसिक व माध्यमिक शिक्षा के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा को भेजे गए पत्र में खास तौर पर निपुण भारत, प्रेरणा पोर्टल, निपुण लक्ष्य एप और डिजिटल शिक्षा व्यवस्था की तारीफ की गई है।
कहा कि यूपी के ये नवाचार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में काफी उपयोगी साबित होंगे। साथ ही दोनों राज्यों के बीच शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की भी उम्मीद जताई गई है।
बिहार सरकार ने इन अनुभवों को अपने राज्य में लागू करने की दिशा में काम करने की बात कही है, ताकि बच्चों की पढ़ाई और सीखने के स्तर में सुधार हो सके।