पटना में भगवंत मान का BJP पर हमला, बोले—फर्जी वोट बनाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश
Bhagwant Mann attacks BJP in Patna, says,
चंडीगढ़। परिवार के साथ पटना पहुंचे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को मतदाता सूची विशेष गहन संशोधन अभियान (SIR) को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा असली वोटों के साथ छेड़छाड़ कर फर्जी वोट तैयार करने की कोशिश कर रही है, लेकिन पंजाब में ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।
भगवंत मान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को दूसरे दलों के विधायकों और नेताओं को तोड़ने के बजाय देश के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची संशोधन अभियान 15 जून से शुरू होने जा रहा है और इस प्रक्रिया को लेकर पंजाब सरकार पूरी नजर बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर सकती हैं। उन्होंने कहा, “ये लोग असली वोटों में हेरफेर करके फर्जी वोट तैयार करते हैं, लेकिन पंजाब में हम ऐसा नहीं होने देंगे।”
15 जून से पंजाब में शुरू होगी तैयारियां
दरअसल, निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची विशेष गहन संशोधन अभियान के तीसरे चरण की घोषणा की गई है। इसके तहत 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में चरणबद्ध तरीके से मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण किया जाएगा। पंजाब में इस प्रक्रिया की तैयारी 15 जून से शुरू होगी, जबकि बूथ स्तर अधिकारियों की घर-घर जांच 25 जून से 24 जुलाई तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची एक अक्तूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
इधर पंजाब में हाल के दिनों में नेताओं के दल बदलने की घटनाओं को लेकर भी राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। इसके अलावा कई अन्य नेताओं के भी दल बदलने की चर्चाएं तेज हैं।
ऊर्जा भंडार की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग
भगवंत मान ने केंद्र सरकार से देश के आर्थिक और ऊर्जा भंडार को लेकर पारदर्शिता बरतने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश में मौजूद सोना, पेट्रोल और रसोई गैस भंडार की स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में वैश्विक परिस्थितियों और पश्चिम एशिया के तनाव को देखते हुए ईंधन बचत, टिकाऊ जीवनशैली और आर्थिक मजबूती को लेकर लोगों से अपील कर चुके हैं।
भगवंत मान के इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में नया विवाद खड़ा होने के आसार बन गए हैं। आने वाले दिनों में मतदाता सूची संशोधन अभियान को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी और तेज हो सकती है।