Assistant to Joint Commissioner arrested for accepting Rs 2,000

मैरिज सर्टिफिकेट के नाम पर 2000 रुपये की रिश्वत लेते संयुक्त आयुक्त की असिस्टेंट गिरफ्तार

undefined

Assistant to Joint Commissioner arrested for accepting Rs 2,000

फरीदाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो हरियाणा (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम मुख्यालय में तैनात संयुक्त आयुक्त की असिस्टेंट को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ट्रैप ऑपरेशन के तहत की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोनिका भाटिया के रूप में हुई है, जो ज्वाइंट कमिश्नर एनआईटी कार्यालय में एचकेआरएम के तहत कार्यरत थी। आरोप है कि उसने मैरिज सर्टिफिकेट जारी करने के नाम पर 2000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में डबुआ कॉलोनी निवासी अधिवक्ता धनराज ने एसीबी को शिकायत दी थी।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने शिकायत की पुष्टि के बाद सुनियोजित तरीके से ट्रैप प्लान तैयार किया। शिकायतकर्ता को चिन्हित किए गए 2000 रुपये देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही महिला कर्मचारी ने पैसे स्वीकार किए, एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ काबू कर लिया।

एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण तथ्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार यह भी पता लगाया जाएगा कि क्या इस तरह की वसूली पहले भी की गई थी या इस मामले में कोई अन्य कर्मचारी भी शामिल है।

एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।