मुक्केबाज स्वीटी बूरा और कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा का तलाक, आपसी सहमति से खत्म हुआ विवाद
- By Gaurav --
- Saturday, 11 Apr, 2026
Arjuna Awardee Boxer Sweety Boora
हरियाणा के हिसार में अर्जुन अवॉर्डी मुक्केबाज स्वीटी बूरा और कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा के बीच तलाक हो गया है। हिसार कोर्ट में दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया, जिससे लंबे समय से चल रहा उनका विवाद भी समाप्त हो गया।
जानकारी के अनुसार कोर्ट में सुनवाई के दौरान स्वीटी बूरा ने स्पष्ट कहा कि अब दीपक हुड्डा के साथ उनका रहना संभव नहीं है। वहीं दीपक हुड्डा ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। दोनों की शादी साल 2022 में हुई थी, लेकिन फरवरी 2025 से उनके रिश्तों में खटास आनी शुरू हो गई थी। इसके बाद यह मामला लगातार विवादों में बना रहा, जिसका अब अंत हो गया है।
गौरतलब है कि स्वीटी बूरा ने दीपक हुड्डा पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट, पासपोर्ट छीनने और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने जान से मारने की कोशिश तक का आरोप लगाया था। विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों के बीच महिला थाने में हाथापाई की घटना भी सामने आई थी। इन आरोपों के आधार पर हिसार के महिला थाने में केस भी दर्ज किया गया था।
हालांकि अब कोर्ट में आपसी सहमति से तलाक के फैसले के साथ ही दोनों खिलाड़ियों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद समाप्त हो गया है और दोनों ने अपनी-अपनी राहें अलग कर ली हैं।