अनिल विज ने लॉन्च किया “श्रममित्र” ऐप, घर बैठे मिलेगा रोजगार
Anil Vij Launches ‘ShramMitra
हरियाणा के श्रम मंत्री Anil Vij ने राज्य के श्रमिकों और श्रम-नियोक्ताओं को डिजिटल सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में “श्रममित्र” ऐप लॉन्च किया। उन्होंने इसे डिजिटल क्रांति के तहत विकसित एक आधुनिक प्लेटफॉर्म बताया, जो श्रमिकों और नियोक्ताओं के बीच सीधा, पारदर्शी और त्वरित संपर्क स्थापित करेगा।
श्रम मंत्री ने बताया कि यह ऐप हिन्दी, अंग्रेजी और पंजाबी तीन भाषाओं में उपलब्ध रहेगा, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक और नियोक्ता आसानी से इसका उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि “श्रममित्र” ऐप एक प्रकार से इलेक्ट्रॉनिक एम्प्लॉयमेंट एक्सचेंज के रूप में काम करेगा और भविष्य में पारंपरिक लेबर चौक व्यवस्था धीरे-धीरे समाप्त हो जाएगी।
अनिल विज ने कहा कि अब श्रमिकों को काम की तलाश में घंटों लेबर चौक पर खड़े रहने की जरूरत नहीं होगी। वे अपने मोबाइल फोन के माध्यम से घर बैठे रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह ऐप हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा विकसित किया गया है।
ऐप में श्रमिक अपनी कार्य-कुशलता, अनुभव और विशेषज्ञता की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसमें राजमिस्त्री, बढ़ई, इलेक्ट्रिशियन, प्लम्बर, माली, पेंटर, वेल्डर सहित विभिन्न ट्रेडों से जुड़े श्रमिक पंजीकरण कर सकेंगे। इसके अलावा नाई, मोची और अन्य स्वरोजगार से जुड़े लोगों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
श्रम मंत्री ने बताया कि नियोक्ता भी अपनी जरूरत के अनुसार कार्य का विवरण ऐप पर डाल सकेंगे, जिससे उन्हें कुशल और अकुशल श्रमिक आसानी से मिल सकेंगे। ऐप के जरिए श्रमिक और नियोक्ता सीधे संवाद कर सकेंगे तथा कार्य की राशि, अवधि और अन्य शर्तों पर चर्चा भी कर सकेंगे।