स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को संजो रहे अनिल विज, अंबाला कैंट बना श्रद्धा का केंद्र
- By Gaurav --
- Thursday, 07 May, 2026
Anil Vij Honours Freedom
देश के स्वतंत्रता सेनानियों और महान विभूतियों को सम्मान देने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला कैंट में कई ऐतिहासिक पहलें की हैं। राजनीतिक जीवन में अक्सर नेताओं पर आरोप लगते हैं कि विपक्ष में रहते हुए वे स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उनका उत्साह कम हो जाता है। ऐसे समय में अनिल विज अपनी कथनी और करनी में समानता के कारण अलग पहचान रखते हैं।
पिछले 11 वर्षों से अधिक समय के दौरान अंबाला कैंट में उन्होंने अनेक स्मारक और प्रतिमाएं स्थापित कर देशभक्ति और इतिहास के प्रति अपने सम्मान को दर्शाया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा और उनके नाम पर पार्क का निर्माण, शहीद भगत सिंह की प्रतिमा तथा सुखदेव और राजगुरु की प्रस्तावित प्रतिमाएं उनकी इसी सोच का हिस्सा हैं।
इसके अलावा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर सामाजिक न्याय और समानता के संदेश को भी सम्मान दिया गया है। अब वीरता और स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
इतना ही नहीं, 1857 की क्रांति के उन गुमनाम और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए अंबाला कैंट में लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य शहीद स्मारक भी तैयार किया गया है। इस स्मारक में अंबाला, मेरठ, राव तुलाराम, झांसी की रानी, तात्या टोपे और अन्य वीर सेनानियों के योगदान को विस्तार से दर्शाया गया है। फिलहाल यह स्मारक उद्घाटन की प्रतीक्षा कर रहा है।