अमोलिक रेजिडेंसी के चुनाव संपन्न, गौरव वशिष्ठ बने प्रधान
Amolik Residency Elections Concluded
उमाकांत वशिष्ठ वरिष्ठ उपप्रधान, विनय श्यौराण महासचिव चुने गए
फरीदाबाद। दयाराम वशिष्ठ: Amolik Residency Elections Concluded: सेक्टर-86, ग्रेटर फरीदाबाद स्थित अमोलिक रेजिडेंसी में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव में गौरव वशिष्ठ को प्रधान, उमाकांत वशिष्ठ को वरिष्ठ उपप्रधान तथा विनय श्यौराण को महासचिव चुना गया।
वायु सेना के विंग कमांडर सतिंदर दुग्गल ने चुनाव अधिकारी के रूप में चुनाव संपन्न कराया। सोसायटी परिसर में आयोजित मतदान में कुल 468 मतदाताओं में से 420 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद मतगणना पारदर्शी तरीके से पूरी की गई, जिसमें गौरव वशिष्ठ को 316 वोट प्राप्त हुए और वे भारी बहुमत से प्रधान निर्वाचित हुए। परिणाम घोषित होते ही उपस्थित लोगों ने तालियों की गूंज के साथ उनका स्वागत किया।
अन्य पदों पर भी चुनाव संपन्न हुए, जिनमें नितिन पाराशर को संयुक्त सचिव, योगेंद्र डागर को कोषाध्यक्ष तथा अनिता दहिया और विनिता सुंबली को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
नवनिर्वाचित प्रधान गौरव वशिष्ठ एवं उनकी टीम ने सोसायटी के सभी निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सोसायटी के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन-प्रशासन के सहयोग से रेजिडेंसी की हर समस्या का समाधान कराया जाएगा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
चुनाव के बाद नवगठित टीम केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के निवास पर पहुंची, जहां उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए सोसायटी के विकास में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।