अंबाला STF की बड़ी कार्रवाई, 1900 ग्राम विस्फोटक के साथ 3 युवक गिरफ्तार; बड़ी साजिश नाकाम
- By Gaurav --
- Saturday, 14 Mar, 2026
Ambala STF Busts Major Plot, 3 Youths Arrested With 1900g Explosives
हरियाणा के अंबाला जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध युवकों को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से करीब 1,900 ग्राम संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ बरामद हुआ है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक STF को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर विस्फोटक सामग्री के साथ बराड़ा से सढ़ौरा की तरफ जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही STF की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बराड़ा-सढ़ौरा रोड पर बैरिकेड्स लगाकर रास्ता सील कर दिया।
शुक्रवार शाम करीब चार बजे पुलिस ने सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ दिया। कुछ ही देर बाद जैसे ही संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर मौके पर पहुंचे, पहले से तैनात STF टीम ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान युवकों के पास से करीब दो किलो के आसपास विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार युवकों की पहचान मेरठ (उत्तर प्रदेश), अजमेर (राजस्थान) और अंबाला जिले के कबांसी गांव के निवासी के रूप में हुई है। तीनों की उम्र लगभग 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है। मोटरसाइकिल चला रहे युवक की पहचान जंगबीर के रूप में हुई है।
STF अधिकारियों के अनुसार बरामद विस्फोटक पदार्थ को जांच के लिए विशेषज्ञों के पास भेजा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह किस प्रकार का विस्फोटक है और इसकी विनाशकारी क्षमता कितनी है।
पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब यह भी जांच कर रही हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक कहां से लाया गया और इसका इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियां गिरफ्तार युवकों के आपसी संबंधों और संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं।
डीएसपी अमन ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही इस पूरे नेटवर्क को लेकर कई अहम खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।