अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा प्रहार: "जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई"

अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा प्रहार: "जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई"

Akhilesh Yadav scathing attack on BJP

Akhilesh Yadav's scathing attack on BJP

लखनऊ। Akhilesh Yadav's scathing attack on BJP: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी को घेरने के साथ ही बड़ा दावा भी किया है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में कांग्रेस के कई नेताओं के साथ सैकड़ों लोगों को समाजवादी पार्टी की सदस्यता भी दिलाई।

पत्रकार वार्ता में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महंगाई को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई। सरकार लगातार महंगाई बढ़ा रही है। एलपीजी सिलेंडर के दाम 60 रुपये बढ़ा दिए गए, जबकि एक बार जो कीमत बढ़ती है, वह कम नहीं होती।

उन्होंने भाजपा के राज में महंगाई का कारण मुनाफाखोरी और भ्रष्टाचार बताया। अखिलेश यादव ने कहा कि गाड़ियों पर 50% तक बढ़े टैक्स को भी जनता पर बोझ बताया। अखिलेश यादव ने कहा कि जब जाएंगे भाजपाई, तब जाएगी महंगाई।

सपा मुखिया ने विदेश नीति के प्रश्न पर कहा कि देश के लिए ये संकट की बात है कि हमारे देश की विदेश नीति को विदेश के लोग तय कर रहे हैं। नीतीश कुमार से जुड़े सवाल पर कहा कि हम लोग उनको प्रधानमंत्री बनवाना चाहते थे, भाजपा उनको राज्यसभा से रिटायर करना चाहती है।

गाने के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराएंगे 

सपा प्रमुख ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा आए दिन हमारी नई इमेज लांच करती हैं। इस बार एक नया वीडियो सांग आया है, वो भी कट्टे वाला, इस गाने के खिलाफ हम लोग एफआइआर दर्ज कराएंगे और अगर इस पर कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो इसके पीछे भाजपा का ही हाथ समझा जाएगा। उन्होंने संबंधित गाना भी स्क्रीन पर चलवाकर दिखाया।

भारतीयों की वापसी पर भी चिंता

उन्होंने यूपी में गांजा तस्करी, चुनाव आयोग की भूमिका, विदेश नीति, गठबंधन राजनीति, भाजपा बीजेपी के अंदरूनी मामलों और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के प्रकरण पर भी सरकार को घेरा। गांजा तस्करी में पुलिस की मिलीभगत के साक्ष्य देकर गंभीर सवाल उठाने के साथ खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों की वापसी पर भी चिंता व्यक्त की।

कानून-व्यवस्था पर सवाल 

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, यूपी में हर रोज गांजा पकड़ा जा रहा है। इसके साथ ही दावा किया कि पुलिसवालों की मिलीभगत के सबूत भी सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि सवाल ये नहीं कि गांजा पकड़ा जा रहा है, सवाल ये है कि ये गांजा जा कहां रहा है।

सपा मुख्यालय पर हुए कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने शनिवार को संतकबीर नगर से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी रहे रोहित कुमार पाण्डेय को पार्टी में शामिल कराया। उनके अलावा अखिलेश यादव ने बीएसएफ के पूर्व डीआईजी राम शरद राम, अंकित सिंह और डीएनएनएस यादव का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए समाजवाद के परिवार में स्वागत किया।