अखिलेश यादव ने टॉपर्स को दिए लैपटॉप, बेटियों की शिक्षा पर किया बड़ा ऐलान

अखिलेश यादव ने टॉपर्स को दिए लैपटॉप, बेटियों की शिक्षा पर किया बड़ा ऐलान

Akhilesh Yadav gave laptops to toppers and made

Akhilesh Yadav gave laptops to toppers and made

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा झूठ की सोनपापड़ी बनाती है, जिस पर परत-दर-परत झूठ चढ़ाया जाता है। मेरठ से आए मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित करते हुए उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर केजी से लेकर पीजी तक बेटियों की पढ़ाई पूरी तरह मुफ्त की जाएगी।

रविवार को सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ने मेरठ के 10वीं और 12वीं के टापर छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए। इस मौके पर सरधना के विधायक अतुल प्रधान भी मौजूद रहे। उनके सहयोग से लखनऊ के कुछ मेधावी छात्र-छात्राओं को भी लैपटॉप दिए गए।

उन्होंने कहा कि डिजिटल डिवाइस देने की शुरुआत सबसे पहले समाजवादी पार्टी ने की थी, जिसका मकसद डिजिटल डिवाइड को खत्म करना था। उन्होंने दावा किया कि उस समय दिए गए लैपटॉप आज भी चल रहे हैं और कई युवाओं ने उसी के जरिये अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की।

मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने भाजपा सरकार पर कई मोर्चों पर हमला बोला। सिद्धार्थनगर में पानी की टंकी की सीढ़ी टूटने से बच्चों की मौत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना सीधे-सीधे भ्रष्टाचार का नतीजा है। सपा पहले से ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाती रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि टंकी भ्रष्टाचार का भार तक नहीं सह पाई। तंज कसते हुए कहा कि अगर टंकी की पाइपलाइन की जांच हो जाए तो उसकी कड़ी कालिदास मार्ग तक जुड़ती नजर आएगी।

शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं और कई विद्यालय बंद होने की स्थिति में हैं। सपा इन आंकड़ों को एकत्र कर रही है और जल्द ही विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करेगी।

बंगाल में ममता के जीतने का दावा

चुनाव प्रक्रिया को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है और लोगों का चुनाव आयोग पर भरोसा है, लेकिन उन्होंने रामपुर और पश्चिम बंगाल की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि मौजूदा हालात सवाल खड़े करते हैं। पश्चिम बंगाल को लेकर उन्होंने कहा कि दीदी ही जीतेंगी और वहीं रहेंगी।

तकनीक को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। शनिवार को मोबाइल पर आए अलर्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा कि ऐसी कौन सी तकनीक है, जिससे स्विच ऑफ मोबाइल पर भी अलर्ट आ सकता है। उन्होंने कहा कि जब स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी और बेईमानी की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो ईवीएम पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।