सोलन: स्मार्ट मीटर के बाद बिजली बिल 300 से बढ़कर 12 हजार, ग्रामीण ने उठाई समस्या
After smart meter, electricity bill increased from Rs 300
सोलन। स्मार्ट मीटर लगने के बाद मेरा बिजली बिल जो पहले 300 रुपये आता था, अब 12 हजार व 4500 रुपये आया है। मैं यह बिल नहीं चुका सकता। बिल न चुकाने पर मेरी बिजली कट गई है। मैंने अब घर में दीये का इंतजाम कर लिया है, जिसे जलाकर मैं गुजारा कर लूंगा। बस बिजली बोर्ड स्मार्ट मीटर उखाड़ कर ले जाए। वहीं मेरी जमीन में लगे बिजली के खंभे व लाइन भी निकाल दें।
यह समस्या जिला सोलन की पंचायत जौणाजी में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में स्थानीय निवासी दलीप ने स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डा. धनीराम शांडिल के समक्ष उठाई। इस पर बिजली बोर्ड भी निशब्द हो गया।
हिमाचल प्रदेश में बिजली बोर्ड स्मार्ट मीटर लगने का लोगों की ओर से विरोध किया जा रहा है। लोगों में भ्रांतियां फैल रही हैं कि स्मार्ट बिजली मीटर लगने से बिल बहुत ज्यादा आ रहा है।
क्या कहा बिजली बोर्ड के अधिकारी ने
विद्युत बोर्ड सोलन के अधिशाषी अभियंता राहुल वर्मा ने कहा कि वह इसको खुद देखेंगे। चार मार्च तक साफ्टवेयर व अन्य चीजों का अपडेशन कार्य चल रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिनकी भी उनके पास इस तरह की शिकायत आ रही हैं, उसको वह हल करने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। दलीप ने कहा कि पंचायत व प्रशासन से सहयोग न मिलने के कारण उन्होंने जौणाजी से निकल कर सिरमौर में रहना शुरू कर दिया है।