सिवान: पूर्व MLC के भांजे की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में घायल, पुलिस ने पैर में मारी गोली
Accused of murdering former MLC's nephew injured
सिवान। सिवान पुलिस ने बुधवार की देर रात एक बदमाश का हाफ एनकाउंटर कर दिया गया। बदमाश को दोनों पैर के घुटने में गोली मारी गई है। पुलिस उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर आई जहां प्रारम्भिक इलाज के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया। घायल बदमाश की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथोड़ा निवासी छोटू यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार छोटू नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला ओवरब्रिज पर बुधवार की शाम पूर्व एमएलसी सह को ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज सिँह के भांजे की हुई हत्या वाली घटना में शामिल था।
मामले में एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास बुधवार की शाम हुसैनगंज के पकवलिया गांव निवासी चंदन सिंह और उनके पुत्र पर फायरिंग हुई थी इसमें चंदन सिंह के पुत्र हर्ष की मौत हो गई थी और चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाकर जांच शुरू की गई। सीसी कैमरा के फुटेज के आधार पर चार बदमाशों की पहचान की गई। घटना में शामिल कार (वेन्यू) की पहचान कर धरपकड़ को छापेमारी की गई। वीडियो में हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथोड़ा निवासी छोटू यादव की पहचान हुई। उसकी गिरफ्तारी की गई।
पूछताछ के क्रम में उसने हथियार की जानकारी दी, बरामदगी के लिए पुलिस उसे लेकर जा रही थी तभी उसने मौका पाकर हमला करने की कोशिश की जवाब में पुलिस कार्रवाई में उसके दोनों पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया।
चार अभियुक्त थे घटना के दौरान मौजूद
एसपी ने बताया कि घटना के दौरान कार में चार लोग सवार थे। एक की गिरफ्तारी हो चुकी है शेष तीन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
छोटू का रहा है आपराधिक इतिहास
मुठभेड़ में घायल छोटू यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। एसपी के अनुसार छोटू पूर्व में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ ) की गाड़ी में अगजनी करने के अलवा शराब मामले में नामजद है। उसकी अन्य थानों से भी आपराधिक इतिहास जुटाई जा रही है।