जेल में एक 'गेंद' से मचा हड़कंप; खोला तो मिली नशे की खेप; विचाराधीन बंदी की करतूत सामने
A "ball" caused a stir in the jail
अर्थ प्रकाश संवाददाता
चंडीगढ़/ फरीदाबाद। A "ball" caused a stir in the jail: नशे की लत को मिटने के लिए इंसान किसी भी हद को पार कर जाता हैं। जब तक लत पूरी ना हो तो वह किसी भी अपराध को अंजाम देने से भी नहीं घबराता। ऐसा ही एक सनसनीखेज मंजर जिला फरीदाबाद की जेल से सामने आया है। जहां एक विचाराधीन बंदी ने फिल्मी अंदाज में जेल के बाहर से परिसर में गेंद फेंक कर हड़कंप मचा दिया। गनीमत रही कि जिला कारागार फरीदाबाद में जेल प्रशासन की सतर्कता, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था तथा त्वरित कार्रवाई के चलते नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी एक गंभीर साजिश का समय रहते पर्दाफाश कर दिया गया। प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर उप अधीक्षक (सुरक्षा) की निगरानी में गठित जेल स्टाफ की विशेष टीम द्वारा 2 फरवरी को सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान बैरक नंबर-18 के समीप तीसरे कोर्ट की दीवार के पास टेप में लिपटी एक बॉल बरामद की गई, जो पीले, सफेद एवं गुलाबी रंग की थी तथा जिस पर “Raja Gold” अंकित था। जांच करने पर बॉल के भीतर सुल्फानुमा नशीला पदार्थ पाया गया।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि उक्त नशीली वस्तु को विचाराधीन बंदी मोहित, निवासी ऊंचा गांव, बल्लभगढ़ के कहने पर जेल परिसर में फिंकवाया गया था। इस साजिश को अंजाम देने के लिए उसी के गांव निवासी पवन जो हाल ही में जमानत पर जेल से रिहा हुआ था, द्वारा जेल के बाहर से बॉल फेंकी गई। इसके अतिरिक्त, जेल के भीतर से निगरानी कैदी गौरव, निवासी ग्राम पंचोली, जिला फरीदाबाद की संलिप्तता भी सामने आई है। बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन 17 ग्राम पाया गया है। इस प्रकरण में संलिप्त सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई हेतु थाना सदर बल्लभगढ़ को सूचना प्रेषित कर दी गई है। जेल प्रशासन फरीदाबाद द्वारा समय रहते की गई इस प्रभावी कार्रवाई से जेल परिसर में नशीले पदार्थों की आपूर्ति के प्रयास को सफलतापूर्वक रोका गया है। प्रशासन भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी निगरानी एवं सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।