Strong performance of AAP against BJP in Dhanas

आप का भाजपा के खिलाफ धनास में जोरदार प्रदर्शन 

52

Aap party protest

Aap party protest: चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा पर गरीबों व जरूरतमंद लोगों को राशन देने के नाम पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया है। धनास की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में ऐसा ही मामला सामने आया है जहां भाजपा के नेता सरकारी योजनाओं की आड़ में जरूरतमंद व गरीब लोगों की बजाय अपने चहेतों को राशन बांट रहे हैं। जिसके विरोध में गुरुवार को आम आदमी पार्टी की महिला विंग की महासचिव ममता कैंथ  की अगुवाई में  स्थानीय महिलाओं ने इकटठा होकर वार्ड नंबर -15 में भाजपा के खिलाफ पैदल मार्च निकाला और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने पूरी कॉलोनी में मार्च निकालने के बाद भाजपा के मंडल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता के घर का भी घेराव किया। 
 

ममता कैंथ ने आरोप लगाया कि फूड एंड सप्लाइज विभाग के अधिकारी भाजपा के स्थानीय नेता सुरेश गुप्ता के इशारों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राशन लेने के लिए सुबह से लाइन पर लगना पड़ता है, बावजूद इसके राशन नहीं मिल रहा है। राशन बांटने के लिए जो कर्मचारी आते हैं वे पहले भाजपा नेता सुरेश गुप्ता के घर से राशन की पर्ची लाने को कहते हैं। ऐसे में पहले पर्ची लेने के लिए गुप्ता के घर के बाहर लाइन लगानी पड़ रही है उसके बाद राशन लेने के लिए अलग से लाइन पर लगना पड़ता है। कैंथ ने कहा कि एक ओर भाजपा महिला सशक्तिकरण की बात करती है,दूसरी ओर महिलाओं का शोषण कर रही है,क्योंकि अमूमन राशन की कतार में महिलाएं ही होती हैं।
 

आप नेता ने कहा कि नगर निगम चुनाव के चलते भाजपा नेता इस प्रकार हथकंडे अपना रहे हैं। भाजपा को अपनी हार का डर सताने लगा है इसलिए वह गरीब जनता को डरा धमका कर अपने हक में वोट डालवाने का प्रयास कर रहे हैं।  उन्होंने प्रशासन से जगह जगह विशेष कैंप लगाने की मांग की है ताकि तय समय के भीतर लोगों को राशन मिल सके।