यूएस ईरान के बीच फिर शुरू हुई टेंशन, कच्चा तेल 70 डॉलर के पार, आपकी जेब पर क्या पड़ेगा असर?
Crude Oil Prices Hike
Crude Oil Prices Hike: सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है। अमेरिका और ईरान के बीच हुए ताजा हमलों से सप्लाई को लेकर एक बार फिर जियोपॉलिटिकल चिंताएं बढ़ी हैं। अमेरिका और ईरान के बीच हुए ताजा हमलों के बाद आज कच्चे तेल का भाव एक बार फिर 70 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है। हालांकि, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में शिपिंग एक्टिविटी धीरे-धीरे बेहतर हो रही है। लेकिन, पर्शियन गल्फ के इलाकों में अभी भी जहाजों की भीड़ बनी हुई है।
4 महीने के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद फिर बढ़ी कच्चे तेल की कीमतें
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने बताया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच फिर से हुए हमलों के कारण सप्लाई को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं, जिससे कीमतों में 4 महीने के निचले स्तर से थोड़ी रिकवरी हुई है। बताते चलें कि गुरुवार को अमेरिका के साथ उस वक्त तनाव और बढ़ गया जब ईरान ने एक कंटेनर शिप को निशाना बनाते हुए हमला किया था। इसके बाद शुक्रवार को अमेरिका ने जवाबी कार्रवाई की और शनिवार को एक और दौर के हमले हुए, जब ईरान ने कतरी तेल ले जा रहे एक जहाज पर हमला किया।
अमेरिका और ईरान के बीच इस हफ्ते दोहा में होनी है बातचीत
तनाव के बावजूद, दोनों पक्ष इस हफ्ते कतर की राजधानी दोहा में होने वाली शांति वार्ता से पहले और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमत हुए। इस बीच, एक अंतरिम शांति समझौते के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से शिपिंग एक्टिविटी में सुधार हुआ है, हालांकि पर्शियन गल्फ में सैकड़ों जहाज अभी भी फंसे हुए हैं, जिससे जहाज मालिकों में सावधानी बनी हुई है।
कच्चे तेल के साथ ही नेचुरल गैस की कीमतों में भी बढ़ोतरी
oilprice.com के मुताबिक, सोमवार को भारतीय समयानुसार सुबह 8.25 बजे के आसपास WTI Crude 1.01 प्रतिशत की तेजी के साथ 69.93 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह, Brent Crude भी 0.50 प्रतिशत की बढ़त लेकर 72.35 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। हालांकि, Murban Crude का भाव 3.65 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 66.54 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। सोमवार को, कच्चे तेल के अलावा नेचुरल गैस की कीमतें भी 0.82 प्रतिशत की तेजी के साथ 3.306 डॉलर प्रति MMBtu पर कारोबार कर रहे थे।