बालोतरा में दर्दनाक हादसा: फैक्ट्री के स्लज टैंक में दम घुटने से 3 मजदूरों की मौत, परिजनों का भारी हंगामा
3 Workers Die of Suffocation in Factory Sludge Tank
बाड़मेर/ बालोतरा: 3 Workers Die of Suffocation in Factory Sludge Tank, राजस्थान के बालोतरा शहर में शुक्रवार को दुखद हादसा हो गया। यहां रीको इंडस्ट्रियल एरिया के तीसरे फेज में स्थित फैक्ट्री में स्लज टैंक की सफाई के दौरान तीन मज़दूरों की मौत हो गई।
निजी कपड़ा फैक्ट्री में हुए इस हादसे के दौरान यहां अचानक अफरा तफरी मच गयी। बताया जा रहा है कि तीन मजदूर टैंक की सफाई के लिए नीचे उतरे थे। स्लज टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस के कारण मजदूरों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद लोगों ने पास ही स्थित नाहटा जिला अस्पताल पहुंचाया।
तीन मज़दूरों की हुई पहचान
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री परिसर में बने स्लज टैंक की सफाई का काम चल रहा था। सफाई के दौरान तीन मजदूर टैंक के अंदर उतरकर काम कर रहे थे। इसी दौरान टैंक के भीतर अचानक जहरीली गैस फैल गई, जिससे तीनों मजदूरों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। फैक्ट्री में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें टैंक से बाहर निकाला और आनन-फानन में इलाज के लिए बालोतरा के सरकारी जिला अस्पताल ले लाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान गुमनाराम (30), श्रवण (25) और विशंभर (54) के रूप में हुई है।
जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में नाहटा जिला अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल बेहद गमगीन हो गया। हादसे से गुस्साए लोगों ने अस्पताल की मोर्चरी के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया। आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोगों ने सड़क पर रास्ता रोककर जाम लगा दिया। बड़ी संख्या में लोग मोर्चरी के बाहर जमा हो गए और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही की भी जांच की जा रही है।