"राजस्थान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 1,000 रुपये और मानदेय में 10% बढ़ोतरी"
₹1,000 and a 10% hike in honorarium for Anganwadi
Rajasthan Anganwadi Workers: ₹1,000 and a 10% hike in honorarium for Anganwadi, राजस्थान की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बड़ी सौगात दी है. इसके तहत राजस्थान सरकार की ओर से 1 लाख 22 हजार महिलाओं के अकाउंट में 1-1 हजार रुपये डीबीटी के जरिए ट्रांसफर किया गया है. मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में यह राशि सीधे बैंक खातों में भेजी गई. बता दें, सरकार की ओर से यह राशि यूनिफॉर्म के लिए 1-1 हजार रुपये की ट्रांसफर की गई है.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना और कालीबाई भील योजना के लाभार्थियों को भी चेक वितरित किए.
1 अप्रैल से मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नौनिहालों की देखभाल कर देश के भविष्य की मजबूत नींव रख रही हैं और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रही हैं. उन्होंने बताया कि सरकार ने आंगनबाड़ियों के सुदृढ़ीकरण के लिए कई कदम उठाए हैं. मानदेय कर्मियों के मानदेय में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी.
सीएम ने कहा कि अमृत आहार योजना के तहत 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को सप्ताह में पांच दिन गर्म दूध दिया जा रहा है. आंगनबाड़ी केंद्रों के मरम्मत कार्य भी जारी हैं और कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए हैं. आने वाले समय में उनकी आंखों की निःशुल्क जांच और चश्मे की सुविधा भी दी जाएगी.
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री ने नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य सरकार 19 मार्च से 15 मई तक “मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान” चला रही है, जिसके तहत गांवों और शहरी वार्डों के विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है. उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की.
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और महिला सशक्तीकरण की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने लखपति दीदी, सोलर दीदी और बैंक सखी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक मजबूती मिल रही है.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए वार्षिक गतिविधि कैलेंडर का भी विमोचन किया. इस दौरान महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मंजू बाघमार, शासन सचिव पूनम सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं.