Zirakpur Life Line Hospital Woman Death: जीरकपुर में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, अस्पताल में परिजनों का हंगामा

मां को 'डेड बॉडी' में नहीं देखना था; चंडीगढ़ से सटे जीरकपुर में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत; बच्चे बोले- ठीक कराने लाए थे, डॉक्टर ने तो मार दिया

Zirakpur Life Line Hospital Woman Death

Zirakpur Life Line Hospital Woman Death: जीरकपुर-चंडीगढ़ बॉर्डर के नजदीक स्थित 'न्यू लाइफ लाइन' नाम के निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि, डॉक्टर द्वारा सही से ऑपरेशन न कर पाने के चलते महिला की मौत हुई है। बतादें कि, महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। जिसके बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और मृतक महिला को लेकर परिजनों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस अब आगे की बनती कार्रवाई कर रही है। वहीं ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर फरार बताया जा रहा है।

रसौली का ऑपरेशन होना था, दो दिन पहले कराया था भर्ती

परिजनों का कहना है कि, महिला को रसौली के ऑपरेशन के लिए लाइफ लाइन अस्पताल में लाए थे। करीब दो दिन पहले अस्पताल में महिला को भर्ती किया था। वहीं बीती रात महिला को ऑपरेशन के लिए ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। परिजनों ने कहा कि, ऑपरेशन को लेकर हम डॉक्टर की रिपोर्ट का इंतजार ही कर रहे थे कि इतने में डॉक्टर ने बाहर आकर सब कुछ ठीक होने की जानकारी दी। डॉक्टर ने कहा ऑपरेशन सफलतापूर्वक हो गया है।

डॉक्टर ने झूठ बोला- मां की मौत हो चुकी थी

महिला के बच्चों ने बताया कि, जब उन्होंने कुछ देर बाद मां को देखा तो वह सन्न रह गए। उनकी हालत बेहद खराब हो रखी थी। मुंह-नाक में नली पड़ी थी और खून बह रहा था। बच्चों का कहना है कि, डॉक्टर ने हमसे झूठ बोला। ऑपरेशन के दौरान ही उनकी मां की मौत हो गई थी। लेकिन डॉक्टर ने यह बात छिपाई। बच्चों ने बताया कि, डॉक्टर ने मां के खत्म होने की बात सुबह बताई। हमें ऑपरेशन थिएटर में मां की लाश देखने को मिली।

नहीं कर पाते हैं तो बता देते, हम बाहर ऑपरेशन करा लेते

फिलहाल, मां का साया सिर से उठने के बाद बच्चों का बुरा हाल है। उनका कहना है कि, उनके पिता की मौत पहले ही हो चुकी है और अब मां भी चली गई। अब हम क्या करेंगे? रोते-बिलखते बच्चों ने कहा कि अगर यहां मां का ऑपरेशन नहीं हो सकता था। नहीं कर पा रहे थे तो हमें बता देते। हम कहीं और ले जाते तो आज कम से कम हमारी मां शायद जिंदा तो होती।