बंगाल में BJP के पोलिंग एजेंट पर जानलेवा हमला; CRPF हाई अलर्ट मोड में, 142 सीटों पर सुबह 11 बजे तक 39.97 प्रतिशत मतदान
West Bengal Election 2026 Phase 2 Voting LIVE BJP Polling Agent Attack
West Bengal Voting Phase 2 LIVE: पश्चिम बंगाल में आज बुधवार (29 अप्रैल) को विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है। लोग लंबी-लंबी कतारों में पोलिंग बूथों परवोट डालने के लिए खड़े हैं। जहां इस बीच कुछ बूथों पर माहौल खराब किए जाने की भी खबरें आ रहीं हैं। एक खबर बंगाल के नादिया जिले से सामने आई है। छपरा विधानसभा सीट के हतरा पंचायत के बूथ नंबर 52 के BJP पोलिंग एजेंट मोशर्रफ मीर पर लोहे की रॉड और बंदूकों से जानलेवा हमला किया गया है।
बताया जाता है कि बाद में, सुरक्षा कर्मियों ने मोशर्रफ मीर को बचाया और छपरा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया। मोशर्रफ मीर का अभी इलाज चल रहा है, और उनके सिर पर गहरी चोट आई है। इस घटना के बाद स्थिति को बिगाड़ने की कोशिश को देखते हुए केंद्रीय फोर्स CRPF हाई अलर्ट मोड में है और इलाके में मुस्तैद हो गई है। किसी भी हिंसा पैदा करने की कोशिश पर पैनी नजर रखी जा रही है और सख्ती के साथ निपटा जा रहा है। खुद CRPF के DG ने बंगाल में कैंप डाल रखा है।
मुझे इंसाफ चाहिए
इधर मोशर्रफ मीर ने अपने एक बयान में कहा, "कुछ TMC के गुंडे छिपे हुए थे। उनके खिलाफ कई केस हैं। उसके पास एक गन थी और 2 और लोगों के पास भी गन थी। वे उन्हें लहरा रहे थे। फिर, करीब 15-20 और लोग हमारी तरफ आए। उनके पास लोहे की रॉड और बेंत थीं। उन्होंने पहले मुझ पर हमला किया और मुझे मारा, जिससे मैं गिर गया। उसके बाद, वे मुझे बार-बार मारते रहे। उन्होंने मेरे साथ लोगों पर भी हमला किया। मेरे सिर पर 6 टांके लगे हैं। मैं चाहता हूं कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे। मुझे इंसाफ चाहिए।

दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान
ज्ञात रहे कि बंगाल में विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं। पहले चरण में 23 अप्रैल को 294 विधानसभा सीटों में से 152 सीटों पर मतदान सम्पन्न कराया गया था। इस चरण में बंगाल के इतिहास में रिकॉर्ड 92.88 फीसदी मतदान हुआ। यानि 152 सीटों पर करीब 92.88 फीसदी वोटिंग हुई। वहीं अब सबकी नजर दूसरे चरण के लिए चुनाव पर है जिसमें बाकी 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। 142 सीटों पर सुबह 11 बजे तक 39.97 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जो कि एक वोटिंग का एक बेहद अच्छा फ़्लो है।
बता दें कि, बंगाल के पहले चरण के चुनाव के बाद बीजेपी का दावा है की वह 152 में से 110 सीटें जीत रही है। बंगाल में बहुमत के लिए 148 सीटों की आवश्यकता होती है। 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 77 सीटें जीतकर एक नया रिकॉर्ड बनाया था। दरअसल पश्चिम बंगाल के चुनावी इतिहास में विपक्ष के लिए 100 सीटों का आंकड़ा पार करना हमेशा से एक बड़ी चुनौती रहा है।