विकास दुबे की 50 करोड़ की संपत्तियां जब्त, मुठभेड़ के बाद तोड़े गए वाहन भी किए गए कुर्क

विकास दुबे की 50 करोड़ की संपत्तियां जब्त, मुठभेड़ के बाद तोड़े गए वाहन भी किए गए कुर्क

विकास दुबे की 50 करोड़ की संपत्तियां जब्त

विकास दुबे की 50 करोड़ की संपत्तियां जब्त, मुठभेड़ के बाद तोड़े गए वाहन भी किए गए कुर्क

दुर्दांत अपराधी विकास दुबे और उसके रिश्तेदारों की 50 करोड़ की 10 संपत्तियों को सील कर दिया गया है। दो कारों समेत दस वाहनों को जब्त करके थाने में खड़ा कराया गया है। जब्त संपत्तियों में ज्यादातर कृषि भूमि है। सभी में रिसीवर तहसीलदार बिल्हौर ने सील लगाकर चाभी थाने के मालखाने में जमा करा दी है। 
डीएम नेहा शर्मा की कोर्ट ने दुर्दांत अपराधी विकास दुबे की कानपुर, लखनऊ और कानपुर देहात की करीब 67 करोड़ की संपत्ति जब्त करने का आदेश जारी किया था।

तहसीलदार बिल्हौर को रिसीवर बनाया गया था। सोमवार को तहसीलदार बिल्हौर ने विकास दुबे, पिता रामकुमार दुबे, पत्नी रिचा दुबे, उसके बेटे आकाश दुबे, शांतनु दुबे, बहनोई दिनेश कुमार तिवारी, बहन चंद्रकांती, रेखा दुबे और करीबी गोविंद सैनी की संपत्तियों को सील किया। कृषि भूमि पर चारों तरफ बल्ली और लाल रंग का रिबन लगाकर सील किया गया है।

इसी तरह से मकान में ताला डाला गया है। तहसीलदार बिल्हौर लक्ष्मी नारायण बाजपेई ने बताया कि खोदन, रामपुर सखरेज, बसेन, भीटी, बिकरू, सकरवा में कृषि भूमि,  चौबेपुर कला, मालौ में प्लाट को सील किया गया है। इसी तरह दो कार, दो ट्रैक्टर,  ट्राली, थ्रेसर, रोटावेटर, मोटरसाइकिल, कल्टीवेटर समेत 10 वाहन सील करके उनको थाने में खड़ा कराया गया है। 

आज शहर की पांच संपत्तियां होंगी सील 
विकास दुबे की पांच संपत्तियां शहर में भी हैं। उसे भी मंगलवार को सील किया जाएगा। कल्याणपुर के मिर्जापुर, कल्याणपुर कलां, शास्त्री नगर और काकादेव की संपत्ति को सील किया जाएगा। इसके लिए सदर तहसील की टीम भी कार्रवाई करने के लिए जाएगी। रिसीवर के साथ कार्रवाई होगी।

कानपुर देहात व लखनऊ भी जल्द 
जल्द ही विकास दुबे की कानपुर देहात और लखनऊ की संपत्तियों को सील किया जाना है। इसकी अभी तक जानकारी नहीं आई है इसलिए अब जल्द ही दोबारा नोटिस भेजकर कार्रवाई की जाएगी। दोनों डीएम को रिमांइर भेजा जाएगा। 

डीएम नेहा शर्मा के अनुसार विकास दुबे की चौबेपुर और शिवराजपुर की संपत्तियों को सील कर दिया गया है। शहर की संपत्तियां मंगलवार को सील होंगी। 10 वाहन भी जब्त कर लिए गए हैं। कानपुर देहात व लखनऊ के लिए जल्द ही रिमांडर भेजा जाएगा। जिससे वहां भी कार्रवाई हो सके।