सरस्वती विद्या मंदिर हटगढ़ पाली में विद्या भारती की जिला स्तरीय संकुल खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, 350 खिलाड़ी ले रहे भाग- पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया शुभारंभ
Vidya Bharati's district-level cluster sports competition
अर्थ प्रकाश/ आदर्श यादव
सुंदरनगर (मंडी), 24 जून : Vidya Bharati's district-level cluster sports competition, नाचन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित सरस्वती विद्या मंदिर हटगढ़ पाली में विद्या भारती की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में मंडी जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 350 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि जीवन में अनुशासन और संस्कारों का विशेष महत्व है। संस्कारों के बिना समाज में सम्मान प्राप्त करना कठिन होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासित होकर खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि माता-पिता, गुरुजनों तथा अपने से बड़ों का सदैव सम्मान करना चाहिए। जिन बच्चों में ऐसे संस्कार होते हैं, वे जीवन में निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि अच्छे संस्कारों का आधार भी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने विद्या भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज देशभर में शिक्षा के क्षेत्र में जो योगदान विद्या भारती दे रही है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। शिक्षा को देश की संस्कृति, परंपराओं और अपनी मातृभूमि से जोड़ने का कार्य विद्या भारती ने प्रभावी ढंग से किया है। हिमाचल प्रदेश में भी विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालयों में विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान की जा रही है, जो समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
उन्होंने खेलकूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति को बधाई दी तथा खिलाड़ियों से खेलों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक विनोद कुमार, विद्या भारती के जिला अध्यक्ष गोपाल दास शर्मा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, जिला परिषद सदस्य प्रेम सिंह राणा (पाल), विद्यालय प्रबंधक सोहन सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष लाल सिंह यादव, संरक्षक बालक राम गोस्वामी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन :

उद्घाटन समारोह में भाग लेते खिलाड़ी।

मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सलामी देते खिलाड़ी।

सरस्वती वंदना में भाग लेते मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथि।

लोकनृत्य प्रस्तुत करती स्थानीय विद्यालय की छात्राएं।