'एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाना जनशक्ति का अद्भुत संकल्प', मन की बात में पीएम मोदी ने की यूपी की तारीफ
Mann Ki Baat
Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी में हुए 'एक पेड़ मां के नाम' पौधरोपण अभियान की सराहना करते हुए इसे जनशक्ति का अद्भुत संकल्प करार दिया है। रविवार को 'मन की बात' कार्यक्रम में यूपी में 12 जुलाई को हुए आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि एक ही दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं। उत्तर प्रदेश का सांसद होने के नाते यह मेरे लिए विशेष गर्व की बात है। इस सराहना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पीएम मोदी का आभार जताया है।
सीएम योगी ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री ने आज मन की बात कार्यक्रम में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में एक दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाने का उल्लेख करना पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रदेश की सामूहिक चेतना और जनभागीदारी की ऐतिहासिक सफलता का सम्मान है।
सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने यह सिद्ध किया है कि प्रकृति के प्रति संवेदनशील समाज ही 'विकसित भारत' की सबसे सुदृढ़ आधारशिला रख सकता है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश प्रकृति संरक्षण, जनभागीदारी और हरित विकास के इस राष्ट्रीय संकल्प को निरंतर नई ऊर्जा देता रहेगा।
पीएम मोदी ने क्या कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्र में कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत यूपी में भी जन-शक्ति का अद्भुत संकल्प देखने को मिला है। वहां एक ही दिन में 12 जुलाई को 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं। यूपी का सांसद होने के नाते मेरे लिए ये भी विशेष गर्व की बात है।
पीएम मोदी ने कहा कि हम सभी अपने जीवन के किसी विशेष अवसर को प्रकृति से जरूर जोड़ें। एक पेड़ मां के नाम लगाएं। आज का लगाया एक छोटा सा पौधा, आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली, स्वच्छ हवा और सुंदर भविष्य की विरासत बन सकता है।
पेड़ अनगिनत जीवों का घर भी होते हैं
पीएम मोदी ने आगे कहा कि पेड़ केवल मनुष्यों के लिए नहीं होते, वे अनगिनत जीवों के घर भी होते हैं। गुजरात के गिर के जंगलों में करीब 60 वर्षों बाद Indian Grey Hornbill फिर से बसेरा बना रहा है। ये गिर में बरसों से हो रहे संरक्षण और पुनर्स्थापन के प्रयासों का परिणाम है। Hornbill को जंगलों का किसान कहा जाता है। ये फल खाते हैं और बीजों को दूर-दूर तक पहुंचाते हैं, उन्हीं बीजों से, जंगल में नए पेड़ उगते है। इस तरह एक पक्षी जंगल को फिर से हरा-भरा बनाने में मदद करता है।