गोरखपुर में देर रात एनकाउंटर, मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़ा 1 लाख का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल ढेर

Late-Night Encounter in Gorakhpur

Late-Night Encounter in Gorakhpur

Late-Night Encounter in Gorakhpur: यूपी में गोरखपुर में एक बार फिर गोलियां तड़तड़ाईं हैं। पुलिस और बदमाश के बीच एनकाउंटर हुआ है। खोराबार थाना क्षेत्र के रामनगर करजहा में सोमवार की देर रात एसटीएफ और पुलिस की टीम से हुए एनकाउंटर में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू पुत्र जमालुद्दीन को ढेर कर दिया गया है। मुठभेड़ में एक सिपाही को भी चोट लगी है। आजमगढ़ जिले के रहने वाले बदमाश पर बसपा नेता की हत्या के जुर्म में एडीजी वाराणसी ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके साथ ही हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस कस्टडी से भागने समेत दस से ज्याद मुकदमे दर्ज थे। यूपी में पुलिस का शिकंजा बढ़ने के बाद रहमान गुजरात भाग गया था।

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे एसटीएफ गोरखपुर यूनिट के प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह को सूचना मिली कि आजमगढ़ के थाना मेहनगर के खुन्दनपुर निवासी वांछित अपराधी मुस्तफिजुल रहमान रामनगर करजहा से कुशीनगर की ओर जाने वाला है। इस पर एसटीएफ और खोराबार पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर दी। रोकने के प्रयास पर उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आजमगढ़ में की थी बसपा नेता की हत्या

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी, चोरी तथा पुलिस हिरासत से फरार होने सहित कुल 10 मुकदमे दर्ज थे। वह वर्ष 2011 से कई मामलों में फरार चल रहा था। वर्ष 2021 में आजमगढ़ के मेहनगर थाने में दर्ज बसपा नेता कमालू की हत्या के मामले में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसके बाद गुजरात फरार हो गया था। वर्ष 2024 में महाराष्ट्र के अमरावती ग्रामीण जिले की पुलिस हिरासत से फरार होने का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज है।

पिस्टल, कारतूस और खोखे बरामद

मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस-खोखे और मोटरसाइकिल बरामद की। सूचना पर एसपी सिटी निमिष पाटिल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मुठभेड़ में घायल मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हुआ था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मौत हो गई। बरामद हथियार और अन्य सामग्री कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के साथ ही बदमाश के आपराधिक नेटवर्क और उसके सहयोगियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।