यूपी STF की बड़ी कामयाबी, पुलिस मुठभेड़ में 1 लाख का इनामी बदमाश ढेर; हत्या-डकैती में था वांछित

Ambedkarnagar Encounter

Ambedkarnagar Encounter

अंबेडकरनगर। Ambedkarnagar Encounter: सात हत्याओं के आरोपित और एक लाख रुपये के इनामी दुर्दांत डकैत आसिम अली उर्फ विक्की को एसटीएफ ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया।

कानपुर नगर के बिल्हौर क्षेत्र के मकनपुर का रहने वाला आसिम पूर्वी और पश्चिमी उप्र के साथ हरियाणा में सक्रिय छैमार गिरोह का सरगना था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और हरियाणा में हत्या, डकैती, लूट समेत 21 मुकदमे दर्ज थे। वह जौनपुर के शाहगंज में डकैती व दोहरे हत्याकांड के मामले में भी वांछित था।

एसटीएफ गौतमबुद्धनगर को सूचना मिली थी कि गिरोह टांडा क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की तैयारी में है। इस पर बेवाना क्षेत्र में घेराबंदी की गई। तड़के 3:45 बजे बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे कच्चे रास्ते की ओर भाग निकले। बरसात के कारण बाइक फिसल गई, जिसके बाद दोनों ने भागते हुए एसटीएफ पर फायरिंग शुरू कर दी।

एक गोली निरीक्षक सचिन कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि दूसरी मुख्य आरक्षी ओमनाथ चौहान के हाथ में गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में आसिम घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। आसिम को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके से 32 बोर की पिस्टल, तमंचा, 14 कारतूस, बाइक और बैग बरामद हुआ है। एसटीएफ के निरीक्षक सचिन कुमार की तहरीर पर बेवाना थाने में जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। क्रूरतापूर्वक डकैती, लूट, दुष्कर्म व हत्या को अंजाम देने वाला छैमार गिरोह का सरगना वही बनता है, जिसने छह हत्याएं की हों। आसिफ ने इससे अधिक हत्याएं की थी।

इन मुकदमों में हो चुकी सजा

बाराबंकी पुलिस ने वर्ष 2022 में आसिम के खिलाफ गैंग्सटर एक्ट का मुकदमा दर्ज किया था। न्यायालय ने 21 मई 2026 को चार वर्ष चार माह के कारावास व 10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई थी।

इसी थाने में वर्ष 2021 में डकैती मामले में न्यायालय ने 14 मई 2026 को चार वर्ष के कारावास व दो हजार जुर्माने से दंडित किया था। हरियाणा के अंबाला के थाना महेश में डकैती के मामले में वर्ष 2016 में मुकदमा दर्ज हुआ, जिसमें सात वर्ष की सजा हुई थी।

इन वारदात में आसिम शामिल

  • 19 अक्टूबर 2013: सुलतानपुर में शकील अहमद के परिवारजन को बंधक बनाकर डकैती व गृहस्वामी की पत्नी की हत्या।
  • 2014: जौनपुर में बंधक बनाकर डकैती व हमला। रेनू सिंह की भतीजी स्वाती सिंह, जेठानी सुमन सिंह व जेठ शुभम सिंह की मौत।
  • 15 अगस्त 2015: कौशांबी में केशव सिंह व इनकी पत्नी को घायल कर लूटपाट। केशव की मौत।
  • 19 अगस्त 2015: मुजफ्फरनगर में महावीर सिंह के घर 10 साथियों के साथ डकैती। इसी रात पांच अन्य घरों में भी डकैती।
  • 03 फरवरी 2016: हरियाणा के अंबाला के महेश नगर में समरबहादुर के घर में डकैती व जानलेवा हमला।
  • 27 जुलाई 2020: पंचकुला में हनीफ के परिवारजन को बंधक बनाकर लूटपाट।
  • 13 सितंबर 2020: पंचकुला में संजय कुमार के परिवारजन को बंधक बनाकर लूटपाट।
  • 13 जनवरी 2021: कानपुर देहात में घर घुसकर रेशमा के पति तासीम की हत्या।
  • 11 सितंबर 2021: बाराबंकी के देवा थाने के मुजीबपुर में रामसुरेश के घर में घुसकर हमला व लूटपाट। वादी की बहन चंद्रावती की मौत।
  • 29 अक्टूबर 2021: प्रयागराज में रामबहादुर के परिवारजन पर हमला व लूटपाट।