यूपी में रोजगार की नई क्रांति: अब घर के पास मिलेगी नौकरी, योगी सरकार ने पूरे प्रदेश में शुरू किया Blue Dots AI प्लेटफॉर्म

yogi-(10)-1781981002754_v

Yogi government launches 'Blue Dots AI' platform across the state

 लखनऊ। Yogi government launches 'Blue Dots AI' platform across the state, उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) को 'बूस्टर डोज' देने के लिए एक बड़ी डिजिटल छलांग लगाई है। प्रदेश के युवाओं को अब नौकरी के लिए दूर-दराज के शहरों में भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसी दिशा में सरकार ने मुजफ्फरनगर से अपनी महत्वाकांक्षी पहल 'ब्लू डॉट्स एआई' (Blue DotsAI) का पूरे प्रदेश (सभी 18 मंडलों) के लिए विस्तार कर दिया है। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने शनिवार को मुजफ्फरनगर में प्रदेश के पहले 'संयुक्त सुविधा केंद्र' (JFC) का उद्घाटन कर इस डिजिटल क्रांति का शंखनाद किया।

तकनीक से मिटेगी दूरी, अपनी भाषा में मिलेगा रोजगार

अक्सर देखा जाता है कि एक ही शहर में उद्योगों को कुशल कारीगर की तलाश होती है और युवाओं को नौकरी की, लेकिन सही जानकारी के अभाव में दोनों मिल नहीं पाते। 'ब्लू डॉट्स एआई' इसी 'कम्युनिकेशन गैप' को खत्म करने का काम करेगा। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए युवा अब अपनी स्थानीय भाषा में वॉयस कॉल कर सकेंगे और मोबाइल मैप पर अपने घर के आस-पास मौजूद नौकरियों की जानकारी आसानी से हासिल कर सकेंगे। यह पहल स्थानीय हुनर और उद्योगों को एक साझा मंच पर लाकर 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करेगी।

गाजियाबाद का सफल प्रयोग बना पूरे यूपी का मॉडल

इस डिजिटल प्लेटफॉर्म को पूरे प्रदेश में लागू करने से पहले गाजियाबाद में एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर परखा गया था, जिसके नतीजे बेहद उत्साहजनक रहे। महज कुछ ही महीनों में गाजियाबाद के सीमित औद्योगिक दायरे के बावजूद 16 हजार से अधिक स्थानीय रोजगार के अवसर और 15 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का सफल पंजीकरण किया गया। इस शानदार सफलता ने यह साबित कर दिया कि तकनीक और सही समन्वय के जरिए प्रदेश भर में रोजगार सृजन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

सभी 18 मंडलों में बनेंगे जेएफसी, दिग्गज संस्थाओं का मिला साथ

यूपी कौशल विकास मिशन के नेतृत्व में चल रही इस अभिनव पहल को तकनीकी और संस्थागत मजबूती देने के लिए ईवाई (EY), एकस्टेप फाउंडेशन (EkStep Foundation) और हेड हेल्ड हाई फाउंडेशन जैसी दिग्गज संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। मुजफ्फरनगर में स्थापित पहला 'संयुक्त सुविधा केंद्र' (JFC) क्षेत्रीय समन्वय और सेवा वितरण का प्रमुख केंद्र होगा। आगामी चरणों में प्रदेश के सभी 18 मंडलों में ऐसे जेएफसी स्थापित किए जाएंगे, जहां आईटीआई (ITI), पॉलिटेक्निक, श्रम विभाग, रोजगार कार्यालय और स्थानीय एमएसएमई एक छत के नीचे आकर एकीकृत रूप से कार्य करेंगे।