यूपी में IIT बननी चाहिए थी, लेकिन SIT बन रतंजही है; अखिलेश ने भाजपा सरकार पर कसा तंज
Akhilesh Yadav Targeting the UP Government
लखनऊ। Akhilesh Yadav Targeting the UP Government: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने दस साल में लोक कल्याण का कोई कार्य नहीं किया। निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार और लूट हो रही है। सपा ने प्रदेश के विकास का रास्ता दिखाया था।
एक्सप्रेस-वे, आईटी सिटी, स्टेडियम, सड़कें बनाने का काम किया, लेकिन दो कार्यकाल में भाजपा विकास के रास्ते पर एक कदम नहीं चल पाई। उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावा प्रकरण को लेकर तंज करते हुए कहा, ‘प्रदेश में आईआईटी बनना चाहिए, परंतु एसआईटी बन रही है।’
सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक में सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा है। सपा की पूरी जिम्मेदारी लोकतंत्र बचाने की है, अन्यथा वर्ष 2027 का उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव, अंतिम चुनाव होगा।
पार्टी के कार्यकर्ता और नेता एकजुट होकर पूरी ताकत से लोकतंत्र को बचाने के लिए जुटें। वोटर लिस्ट और बूथ पर पूरा ध्यान लगाएं। सभी कार्यकर्ताओं की भाषा और व्यवहार शिष्ट हो। उन्होंने कहा कि भाजपा पीडीए की दुश्मन हैं। भाजपा ने पीडीए का आरक्षण छीना है। प्रेम, दया और अपनापन, सपा के पीडीए का एजेंडा है।
इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, सांसद धर्मेन्द्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल आदि मौजूद रहे।
वहीं सोमवार को हरियाणा के राई सोनीपत के प्राचीन शिव मंदिर के महंत प्रेम पुरी के नेतृत्व में साधु-संतों ने पार्टी मुख्यालय पहुंचकर सपा प्रमुख को आशीर्वाद दिया। उनके साथ स्वामी दयानंद गिरी भी मौजूद रहे।