डेढ़ लाख युवाओं को मिलेगी मुफ्त प्रोफेशनल एआई ट्रेनिंग

Free Professional AI Training

Free Professional AI Training

लखनऊ। Free Professional AI Training: प्रदेश के डेढ़ लाख से अधिक युवाओं को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), नई तकनीकों और डिजिटल स्किल्स की मुफ्त प्रोफेशनल ट्रेनिंग मिलेगी। युवाओं को भविष्य के रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) और वनएमवनबी-आईबीएम स्किल फाउंडेशन के बीच समझौता (एमओयू) हुआ है।

इसके तहत प्रदेश के एक हजार से अधिक प्रशिक्षण केंद्रों में पढ़ रहे युवाओं को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की तैयारी की जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इमर्जिंग टेक्नोलाजी और ग्रीन स्किल्स की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।

मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं के लिए मेगा जाब फेयर और प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से प्रतिष्ठित कंपनियों और नियोक्ताओं से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।

युवाओं को उद्योग जगत की कार्यप्रणाली, रोजगार बाजार की मांग और करियर के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही इंटरव्यू की तैयारी, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास और कार्यस्थल की अपेक्षाओं से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

एमओयू के अवसर पर मिशन मुख्यालय के सभागार में एआई फार पब्लिक सर्विस एंड गुड गवर्नेंस विषय पर विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को सरकारी सेवाओं में एआई के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी गई।

अपर मिशन निदेशक पूजा मिश्रा, संयुक्त निदेशक मयंक गंगवार, सहायक निदेशक एमके सिंह, सहायक निदेशक पवित्रा टंडन सहित मिशन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।