किसानों के लिए बदली खाद वितरण प्रक्रिया, अब ऐप से बुकिंग के बाद मिलेगा उर्वरक खाद - जाने कैसे करें बुक

1000241182

Fertilizer distribution process changed for farmers

लखनऊ। Fertilizer distribution process changed for farmers, रामपुर और सीतापुर के किसानों को अब यूरिया, डीएपी और एनपीके जैसे उर्वरक लेने के लिए पहले मोबाइल एप पर बुकिंग करनी होगी। कृषि विभाग ने 15 जून से इन दोनों जिलों में उर्वरक वितरण की नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।

इसके तहत ‘फ्रेमवर्क फार फर्टिलाइजर सेल’ एप के माध्यम से पंजीकरण और बुकिंग के बाद ही किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाएगी। इसके माध्यम से उर्वरकों का पारदर्शी और जरूरत के अनुसार वितरण सुनिश्चित करना है ताकि कोई भी किसान खाद से वंचित न रहे।

नई व्यवस्था के तहत किसान अपने एंड्रायड मोबाइल फोन में एप डाउनलोड कर उर्वरक की अग्रिम बुकिंग कर सकेंगे। इससे उन्हें अपने क्षेत्र के उपलब्ध उर्वरक विक्रेताओं की जानकारी भी मिलेगी, जिससे खाद प्राप्त करने की प्रक्रिया आसान होगी और समय की बचत होगी।

 

पूरी व्यवस्था क्यूआर कोड और टोकन आधारित होगी। बुकिंग की प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले किसान को अपनी भूमि और फसल का विवरण दर्ज करना होगा।

इसके बाद आवश्यक उर्वरक और उसकी मात्रा का चयन करना होगा। तीसरे चरण में उपलब्ध विक्रेताओं की सूची में से सुविधानुसार विक्रेता चुनना होगा। बुकिंग पूरी होते ही किसान को क्यूआर कोड या टोकन जारी किया जाएगा, जिसके आधार पर वह खाद प्राप्त कर सकेगा।

इसमें किसानों के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। पहली श्रेणी में किसान आइडी धारक किसान शामिल हैं, जो किसान आइडी और आधार सत्यापन के जरिये आवेदन करेंगे।

दूसरी श्रेणी में ऐसे किसान हैं जिनके पास किसान आइडी नहीं है, वे भूमि का विवरण देकर आवेदन कर सकेंगे। तीसरी श्रेणी में किरायेदार और बटाईदार किसानों को शामिल किया गया है।

कृषि विभाग ने प्रतिनिधि के माध्यम से खाद प्राप्त करने की सुविधा है। यदि किसान स्वयं नहीं पहुंच सकता तो वह परिवार के सदस्य या किसी अन्य अधिकृत व्यक्ति को आधार संख्या अथवा ओटीपी के जरिये अधिकृत कर सकता है। अधिकृत प्रतिनिधि किसान की ओर से उर्वरक प्राप्त कर सकेगा।

हेल्पडेस्क भी स्थापित

किसान राष्ट्रीय हेल्प डेस्क के नंबर 011-24014775 और 011-24014774 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला स्तर पर सहायता के लिए जिला कृषि अधिकारी सीतापुर के मोबाइल नंबर 9452206241 और जिला कृषि अधिकारी रामपुर के मोबाइल नंबर 9456884920 पर भी संपर्क कर सकते हैं।