IPS Ajay Pal Sharma: यूपी के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट IPS को बंगाल तैनात किया; अजयपाल शर्मा ने TMC के जहांगीर को दी चेतावनी

यूपी के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट IPS को बंगाल तैनात किया; अजयपाल शर्मा ने TMC के जहांगीर को दी ऐसी चेतावनी की चर्चे हो गए शुरू

UP Encounter Specialist IPS Officer Ajay Pal Sharma Deployed to Bengal

UP Encounter Specialist IPS Officer Ajay Pal Sharma Deployed to Bengal

IPS Ajay Pal Sharma: यूपी के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट और 'रियल सिंघम' के नाम से मशहूर IPS अजयपाल शर्मा को चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में पुलिस पर्यवेक्षक बनाकर भेजा है। दूसरे चरण के चुनाव के लिए उन्हें दक्षिण 24 परगना जिले के पुलिस पर्यवेक्षक की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। जहां बंगाल में अपनी ड्यूटी संभालते ही अजयपाल शर्मा को एक्शन में देखा जा रहा है। उनके कल से अब तक बंगाल से 3 वीडियो सामने आए हैं। इनमें से एक वीडियो में IPS अजयपाल शर्मा को TMC के उम्मीदवार जहांगीर खान को कड़े शब्दों में सीधी चेतावनी देते हुए देखा जा रहा है। अजय पाल ने SSB, FST, QRT की टीम के साथ छापेमारी भी की।

IPS अजयपाल शर्मा ने जहांगीर खान के घर के बाहर जाकर चेतावनी दी कि और कहा कि जहांगीर से कह देना की कायदे से रहे। अगर लोगों को धमकाया तो फिर अच्छे से खबर लेंगे। दरअसल, आईपीएस अजय पाल शर्मा ने कहा, ''सभी लोग अच्छी तरह से समझ लें, अगर किसी ने भी बदमाशी की तो फिर कायदे से इलाज किया जाएगा, अगर कहीं से खबर आ गई किसी ने ख़ुराफ़ात करने की और किसी को परेशान करने की कोशिश की है तो हम उसकी खबर फिर अच्छे से लेंगे। यहां जहांगीर खान के घर वाले भी खड़े हैं। उसको बता देना कायदे से, ये जो बार-बार खबरें आ रहीं हैं की उसके लोग धमका रहे हैं, हम अच्छे से खबर लेंगे, फिर बाद में रोना-पछताना मत।''

इसके साथ ही अजयपाल शर्मा का एक और वीडियो सामने आया। जिसमें वह जहांगीर के घर पर ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती पर नाराजगी जताते और सवाल उठाते दिख रहे हैं। इस वीडियो में अजयपाल शर्मा को कहते हुए देखा जा रहा है कि एसपी ने कहा है कि यहां 10 पुलिस कर्मी तैनात हैं और तुम कह रहे हो की 14 पुलिसकर्मी तैनात हैं, ये तमाशा है कोई? अजय पाल ने स्थानीय एसपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि नियम के विरुद्ध जहांगीर के घर पर 14 पुलिसकर्मी क्यों तैनात हैं, Y कैटेगरी में तो 10 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर होते हैं।

इसके अलावा अजयपाल शर्मा का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वह एक युवक से किसी के बारे में पूछताक्ष कर रहे हैं, इस बीच युवक के जवाब देने के तरीके से अजयपाल शर्मा को गुस्सा आता है और उससे कहते हैं की तरीके से जवाब दो। तरीके से पूछ रहा हूँ, समझ नहीं आ रहा। इसके बाद आसपास मौजूद सुरक्षा कर्मी भी युवक को हड़काते हैं। बाद में अजयपाल शर्मा पूछते हैं कि उसका मोबाइल नंबर क्या है? फिलहाल आज सोशल मीडिया पर चारों तरफ IPS अजयपाल शर्मा के ही चर्चे हैं।

IPS अजयपाल शर्मा को फेयर एंड लवली बबुआ कहा

इधर IPS अजयपाल शर्मा की चेतावनी और कार्रवाई को लेकर TMC ने विरोध किया है और बवाल देखा जा रहा है। पहले TMC प्रवक्ता ने चुनाव बाद IPS अजयपाल शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें बंगाल घसीटकर लाने की धमकी दी। इसके बाद TMC सांसद महुआ मोइत्रा का रिएक्शन भी तेजी से वायरल हुआ। महुआ मोइत्रा ने IPS अजयपाल शर्मा को फेयर एंड लवली बबुआ कहा। महुआ मोइत्रा ने लिखा, ''मेरा फेयर एंड लवली बबुआ डॉ.आईपीएस अजयपाल, हम तो वो लोग हैं, जो कायदे से आपके छोटा फैंटा और बड़ा फैंटा का भी इलाज कर लेते हैं!! हीरोगिरी थोड़ा संभल के कीजिए"।

कौन हैं IPS अजयपाल शर्मा?

IPS अजयपाल शर्मा की गिनती तेज-तर्रार और दबंग अफसरों में होती है। 2011 बैच के IPS अजय पाल शर्मा पंजाब के रहने वाले हैं। उनकी पहली पोस्टिंग सहारनपुर थी। इसके बाद मथुरा गए। फिर शामली। योगी सरकार के पहले कार्यकाल में उन्हें नोएडा में पोस्टिंग दी गई थी। अजयपाल शर्मा को यूपी का बड़ा एनकाउंटर स्पेशलिस्ट माना जाता है। वह करीब 100 से ज्यादा एनकाउंटरों को अंजाम दे चुके हैं। हाल ही में उन्हें डीआईजी प्रमोट किया गया था। अजयपाल शर्मा इस समय ज्वाइंट सीपी L&O प्रयागराज के पद पर तैनात हैं।

अक्सर चर्चा में रहते IPS अजयपाल शर्मा

IPS अजयपाल शर्मा एक ऐसे अधिकारी हैं जिनकी चर्चा लोगों के बीच कम नहीं होती। इस समय जहां वह बंगाल चुनाव में अपने अंदाज को लेकर चर्चा में हैं तो वह इससे पहले हाल ही में प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद मामले को लेकर चर्चा में आए थे। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने उनका नाम लेकर कहा था कि अजयपाल शर्मा के इशारे पर उनके साथ गलत बर्ताव किया गया और उनके शिष्यों के साथ मारपीट की गई। उन्हें स्नान करने देने से जाने से रोका गया।