दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र आगामी 23 मार्च से शुरू
The budget session of the Delhi Assembly
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में विकास की नई रूपरेखा और वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्राथमिकताओं को तय करने के लिए दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र आगामी 23 मार्च से शुरू होने जा रहा है. तीन दिवसीय यह संक्षिप्त लेकिन महत्वपूर्ण सत्र 25 मार्च तक चलेगा. मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री रेखा गुप्ता इस सत्र के दूसरे दिन, यानी 24 मार्च को सदन में अपना दूसरा बजट पेश करेंगी.
सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बजट सत्र की तारीखों पर मुहर लगा दी गई है. सत्र की शुरुआत 23 मार्च को उपराज्यपाल के अभिभाषण से होगी. इसी दिन सरकार सदन के पटल पर दिल्ली आर्थिक सर्वेक्षण भी रखेगी, जो पिछले एक साल में दिल्ली की अर्थव्यवस्था और विकास की तस्वीर साफ करेगा.
इस बार का बजट पिछले वर्ष के एक लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड बजट के आसपास या उससे कुछ अधिक रहने की संभावना है.
सरकार का मुख्य ध्यान शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में होगा.जिसमें 'सीएम श्री स्कूल' योजना का विस्तार और अस्पतालों के बुनियादी ढांचे में सुधार शामिल हो सकता है. सरकार इस बार ग्रीन बजट पेश करने की तैयारी में है. प्रदूषण और पर्यावरण से संबंधित मुद्दे जिसमें यमुना की सफाई, ग्रीन कवर बढ़ाना और इलेक्ट्रिक बसों की संख्या को 7,000 तक ले जाने का लक्ष्य शामिल हो सकता है.