कोच के पद से हटाए जाने पर ब्रेंडन मैकुलम ने मांगी माफी, यूं छलका दर्द

Brendon Mccullum England Coach

Brendon Mccullum England Coach

लंदन: Brendon Mccullum England Coach: इंग्लैंड क्रिकेट टीम में एक बड़ा बदलाव तब देखा गया, जब टेस्ट क्रिकेट में खराब नतीजों के बाद ब्रेंडन मैकुलम ने टेस्ट टीम के हेड कोच के पद से इस्तीफा दे दिया. हालांकि, वो वनडे और टी20 टीम के कोच बने रहेंगे. इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने रविवार,12 जुलाई को इसकी घोषणा की.

रेड-बॉल फॉर्मेट से मैकुलम के हटने से मशहूर 'बैजबॉल' (Bazball) युग का निश्चित रूप से अंत हो गया है. यह बदलाव स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने और कप्तान का पद छोड़ने के ठीक दो हफ्ते बाद हुआ है.

मैकुलम ने क्या कहा?

मैकुलम ने ECB द्वारा जारी एक बयान में कहा, 'मुझे टेस्ट टीम को कोचिंग देने में बहुत मजा आया और हमने साथ मिलकर जो हासिल किया है, उस पर मुझे बहुत गर्व है. इस सफर में कुछ अविश्वसनीय ऊंचाइयां और कुछ मुश्किल दिन भी आए, लेकिन यह सब ऐसी चुनौती लेने का ही हिस्सा है. यह मेरे लिए सौभाग्य और सम्मान की बात रही है, और मैं उन सभी लोगों का आभारी हूं, जिन्होंने इस सफर में हमारा साथ दिया.'

मैकुलम ने आगे कहा, 'निश्चित रूप से मुझे आगे टेस्ट टीम के साथ नहीं जुड़े रहने का अफसोस है, लेकिन मैं बोर्ड के फैसले का सम्मान करता हूं. अब मेरा पूरा ध्यान सीमित ओवरों की टीमों पर रहेगा और मैं इंग्लैंड क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा.' उन्होंने ये भी कहा, 'मैं टेस्ट टीम की सफलता की कामना करता हूं. ड्रेसिंग रूम में अपार प्रतिभा मौजूद है और यह खिलाड़ियों का बेहद खास समूह है. मैं हमेशा इन खिलाड़ियों का समर्थन करूंगा और उम्मीद करूंगा कि वे इसी तरह बेहतरीन क्रिकेट खेलते रहें. मुझे विश्वास है कि वे आगे भी देश को गौरवान्वित करेंगे.'

टेस्ट कोच के तौर पर मैकुलम का चार साल का कार्यकाल 2022 में शुरू हुआ था. शुरुआत में टीम ने बहुत आक्रामक बैटिंग के दम पर शानदार क्रिकेट खेला, लेकिन हाल के समय में टीम का प्रदर्शन खराब हो गया और वे पिछले 9 टेस्ट मैचों में से 7 हार गए. इसमें ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज में 4-1 से करारी हार और उसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में 2-1 से हार शामिल है, यह 14 वर्षों में इंग्लैंड की कम से कम तीन टेस्ट मैचों वाली घरेलू सीरीज में पहली हार थी.

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने क्या कहा?

ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गूल्ड ने कहा, 'ब्रेंडन ने इंग्लैंड पुरुष टेस्ट टीम में नई ऊर्जा का संचार किया. उनके नेतृत्व में टीम ने कई यादगार जीत दर्ज कीं और हम उनके योगदान के लिए आभारी हैं. लेकिन अब हमें लगता है कि टेस्ट टीम में बदलाव का यही सही समय है, क्योंकि हमारा लक्ष्य अगले वर्ष एशेज श्रृंखला जीतना है. मैकुलम की कोचिंग में इंग्लैंड की टी20 टीम इस वर्ष टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल तक पहुंची और हाल ही में भारत को हराकर विश्व की नंबर एक टीम बनी. वह सीमित ओवरों की टीमों के मुख्य कोच बने रहेंगे.'

ECB ने यह भी पुष्टि की कि पुरुष टेस्ट टीम के नए मुख्य कोच की भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू हो जाएगी. इंग्लैंड अब पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप श्रृंखला में नए मुख्य कोच के साथ उतरेगा.

इंग्लैंड के टेस्ट कोच पद के लिए राहुल द्रविड़ भी दावेदार

इंग्लैंड टेस्ट टीम की कोचिंग पद के दावेदारों में मीडिया रिपोर्ट्स में कई नाम सामने आ रहे हैं. जिसमें एक नाम भारत के महान खिलाड़ी राहुल द्रविड़ का भी है. ‘डेली टेलीग्राफ’ की एक रिपोर्ट के अनुसार द्रविड़ उन संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल हैं जिनमें इंग्लैंड के पूर्व कोच एंडी फ्लावर और इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर रिचर्ड डॉसन भी हैं.

बता दें की द्रविड़ (53 वर्ष) ने भारत को 2024 टी20 विश्व कप का खिताब और 2023 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल तक पहुंचाया. उन्हें उनके काम करने के तरीके और खेल की गहरी समझ के कारण एक बेहतरीन उम्मीदवार माना जा रहा है. हालांकि रिपोर्ट में भी दावा किया गया है कि द्रविड़ की पूर्ण कालिक कोचिंग करने की कोई इच्छा नहीं है.

प्रमुख उम्मीदवारों में जिम्बाब्वे के महान खिलाड़ी एंडी फ्लावर भी शामिल हैं, जो आधुनिक युग में इंग्लैंड के सबसे सफल कोच रहे हैं. उन्होंने टीम को तीन बार एशेज सीरीज में जीत दिलाई और टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक स्थान तक पहुंचाया. फ्लावर को फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी काफी सफलता मिली है जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ लगातार आईपीएल खिताब जीतना भी शामिल है.

डॉसन को भी एक गंभीर विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है. उन्होंने काउंटी और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तरों पर अपनी रणनीतिक समझ और कोचिंग कौशल से प्रभावित किया है. रिपोर्ट में जिन अन्य नामों का जिक्र है उनमें श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा, इंग्लैंड लायंस के कोच एंड्रयू फ्लिंटॉफ, पाकिस्तान के मुख्य कोच माइक हेसन और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच जस्टिन लैंगर भी शामिल हैं.