PM मोदी इस दिन करेंगे पंजाब का दौरा; बाढ़ आपदा में अब तक 46 लोगों की मौत, पानी में डूबे 23 जिलों के 2000 गांव, हाहाकार

PM Narendra Modi will visit Flood Hit Punjab on Nine September
PM Modi Punjab Visit: पंजाब इस समय बाढ़ की भयानक चपेट में है। स्थिति इस कदर विकराल है कि जिसे बयां कर पाना भी मुश्किल सा लगता है. चारों ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है। लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। फसलों से लहलहाती ज़मीनें जलमग्न होकर बर्बाद हो चुकी हैं। यानि इस आपदा ने लोगों को उजाड़कर कर दिया है। पीड़ितों के मायूस चेहरे और हाहाकार का शोर कलेजा चीरने वाला है। इसी बीच जानकारी आ रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब का दौरा करेंगे।
बाढ़ प्रभावित गुरदासपुर जिले का दौरा करेंगे PM
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 सितंबर को पंजाब के बाढ़ प्रभावित गुरदासपुर जिले का दौरा करेंगे। कहा जा रहा है कि, पीएम गुरदासपुर के बाढ़-ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने वाले हैं और नुकसान का जायजा लेंगे। साथ ही पीएम के बाढ़ प्रभावित पीड़ित लोगों से जमीनी स्तर पर सीधे मिलने और चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा करने की भी संभावना है। इसके बाद पीएम मोदी के हिमाचल प्रदेश जाने की भी उम्मीद जताई जा रही है। पंजाब के साथ-साथ हिमाचल भी भीषण प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा है।
पंजाब को लेकर PM चिंतित
पंजाब बीजेपी के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) पंजाब में बाढ़ की स्थिति को लेकर चिंतित हैं और लगातार पूरी स्थिति पर अपनी नजर बनाए हुए हैं और जानकारी ले रहे हैं। जाखड़ ने कहा कि, केंद्र सरकार हमेशा पंजाब के साथ खड़ी है और हर तरीके से सहयोग के लिए तैयार है। बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए केंद्र की तरफ से पंजाब को हर मदद मुहैया कराई जाएगी।
पीएम मोदी ने किया था CM मान को फोन
ज्ञात रहे कि, हाल ही में जापान और चीन की यात्रा खत्म कर भारत लौटते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने पंजाब के सीएम भगवंत मान से फोन पर बात की थी और बाढ़ की स्थिति और हुए नुकसान को लेकर पूरी जानकारी ली थी। वहीं पीएम से पहले गृह मंत्री अमित शाह ने भी सीएम भगवंत मान को फोन कर बाढ़ के हालात जाने थे। गृह मंत्री अमित शाह के भी पंजाब आने की संभावना जताई जा रही है।
CM ने 60 हजार करोड़ रुपये जारी करने को कहा
पंजाब में बाढ़ की स्थिति को लेकर सीएम भगवंत मान ने केंद्र से 60 हजार करोड़ रुपये के राज्य के बकाया फंड मांगे हैं. उन्होंने इसके लिए पीएम मोदी को लेटर लिखकर अपील की है और मांग की है कि ये पैसा तुरंत पंजाब को जारी किया जाए। क्योंकि पंजाब में बाढ़ से हालात बेहद खराब हो गए हैं। सीएम मान का कहना है कि केंद्र से पंजाब का पैसा जारी होने पर राज्य के बाढ़ पीड़ितों की मदद तेजी से की जा सकेगी और सार्वजनिक और निजी संपत्ति को हुए भारी नुकसान की भरपाई में भी मदद मिलेगी।
बाढ़ आपदा में अब तक 46 लोगों की मौत
पंजाब में आफत की बारिश और बाढ़ ने ऐसा कोहराम मचा दिया है कि लोग बस अब त्राहिमाम-त्राहिमाम बोल रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में बारिश और बाढ़ के कहर से अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है। 1 अगस्त से 6 सितम्बर तक का यह आकंडा है। मौतों के मामले में अमृतसर सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां सबसे ज्यादा 7 मौतें दर्ज की गईं हैं। इसके अलावा अलग-अलग जिलों में 3.5 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। जबकि 22 हजार से ज्यादा लोगों को अब तक सुरक्षित बचाया गया है।
पानी में डूबे 23 जिलों के 2000 गांव
बता दें कि लगभग पूरा पंजाब ही भयावह बाढ़ का सामना कर रहा है। सतलुज, ब्यास और रावी जैसी नदियों के उफान पर आने से पंजाब के गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, मोगा, तरनतारन, फाजिल्का, फिरोजपुर, अमृतसर और होशियारपुर समेत सभी 23 जिले भीषण बाढ़ की चपेट में हैं और इन जिलों के करीब 2000 गांव पूरी तरह से जलमग्न हो रखे हैं। यानि पानी में डूबे हुए हैं। हालात इस कदर खराब हैं कि लोगों के घरों में पानी भर चुका है। कई परिवार और लोग जहां के तहां फंस गए हैं। उन्हें राशन-पानी और रहने के लिए जूझना पड़ रहा है। इस बीच पंजाब की भगवंत मान सरकार लागतर बाढ़ पीड़ित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रही है।
CM मान ने बाढ़ पीड़ितों के लिए अपनी सैलरी दी
सीएम भगवंत मान ने फ्लड रिलीफ़ फंड में अपनी एक महीने की सैलरी देने का भी फैसला किया है। सीएम के साथ-साथ आप के सभी मंत्री और विधायक भी अपनी एक महीने की सैलरी बाढ़ पीड़ितों के लिए देंगे। सीएम मान ने खुद इसकी जानकारी दी है। इससे पहले सीएम मान ने अपना सरकारी हेलीकाप्टर बाढ़ पीड़ितो के लिए छोड़ दिया था। जिससे बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित निकाला जा रहा है और उन तक राशन-पानी की व्यवस्था पहुंचाई जा रही है। सीएम मान ने कहा था कि, जब तक जहां भी जरूरत होगी, हेलीकाप्टर जनसेवा में रहेगा।
बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान
पंजाब में सीएम भगवंत मान ने बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया है। सीएम भगवंत मान ने पीड़ित लोगों को बाढ़ से हुए उनके नुकसान के लिए सरकार द्वारा भरपाई करने की बात कही है। सीएम मान का कहना है कि, जैसे ही बाढ़ का पानी घटेगा, वादे के मुताबिक लोगों के हर नुकसान की भरपाई ज़रूर करेंगे। लोगों के नुकसान के आकलन के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। पंजाब जल्द ही मुसीबत की स्थिति से उभर जाएगा। हमें हौंसला बनाए रखना होगा।
सीएम फ्लड रिलीफ अकाउंट जारी
पंजाब सरकार ने सीएम फ्लड रिलीफ अकाउंट जारी कर लोगों से स्वेच्छा अनुसार सहयोग करने की अपील की है। ताकि सभी बाढ़ पीड़ितों की ठीक ढंग से मदद की जा सके। सीएम मान ने अपील करते हुए कहा है, ''पंजाब हर मुश्किल घड़ी में हमेशा सबके साथ खड़ा रहा है। आज हम सभी को इस प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे पंजाब के साथ खड़े होने की ज़रूरत है। आइए, एक-दूसरे का साथ दें। बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए चल रहे राहत कार्यों में अपना योगदान दें। समय मुश्किल ज़रूर है, लेकिन एक-दूसरे के सहयोग से यह समय भी बीत जाएगा।''