EVM पर रार: सीएम सुक्खू के बयान पर भाजपा का तीखा हमला; त्रिलोक कपूर बोले- "जीत पर ठीक, हार पर हैक?"

EVM पर रार: सीएम सुक्खू के बयान पर भाजपा का तीखा हमला; त्रिलोक कपूर बोले- "जीत पर ठीक, हार पर हैक?"

1000210568

"OK if you win, hack if you lose?"

शिमला। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ईवीएम हैक करने का बयान दिया। इस पर अब भाजपा ने जवाब देते हुए निशाना साधा है। हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने मुख्यमंत्री सुक्खू के हालिया बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस का पुराना जाप एक बार फिर सामने आ गया है। जब जीत मिलती है तो ईवीएम ठीक होती है और जब हार मिलती है तो ईवीएम हैक हो जाती है।

उन्होंने कहा कि तीन राज्यों-पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी-में भाजपा की ऐतिहासिक जीत ने कांग्रेस के इस झूठे नैरेटिव को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह जनता का स्पष्ट जनादेश है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है।

यह लोकतंत्र का नहीं, उनकी मानसिकता का संकट

मुख्यमंत्री सुक्खू के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस जीतती है तो लोकतंत्र मजबूत हो जाता है, और जब हारती है तो ईवीएम पर सवाल उठाने लगती है। यह लोकतंत्र का नहीं, बल्कि उनकी मानसिकता का संकट है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की पारदर्शी प्रक्रिया और जनता की भागीदारी से यह स्पष्ट है कि यह जनादेश पूरी तरह निष्पक्ष और लोकतांत्रिक है।

बंगाल में यह जनक्रांति

त्रिलोक कपूर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की अभूतपूर्व सफलता केवल चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि लगभग 40 वर्षों के वाम और तृणमूल शासन के खिलाफ जनक्रांति है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध आंकड़े दर्शाते हैं कि भाजपा ने बंगाल में भारी बढ़त बनाते हुए 200 से अधिक सीटों के आंकड़े को पार किया, जबकि तृणमूल कांग्रेस का जनाधार तेजी से सिमटा है।

भाजपा की स्वीकार्यता और मजबूत हो रही

उन्होंने कहा कि असम में भाजपा ने लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है, जो यह दर्शाता है कि जनता ने विकास और स्थिरता की राजनीति को चुना है। पुडुचेरी में भी भाजपा की वापसी इस बात का प्रमाण है कि राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा की स्वीकार्यता और मजबूत हो रही है।

परिणामों ने राष्ट्रीय राजनीति की दिशा बदली

त्रिलोक कपूर ने कहा कि बंगाल के परिणामों ने राष्ट्रीय राजनीति की दिशा बदल दी है, यह केवल एक राज्य का चुनाव नहीं, बल्कि कांग्रेस और उसके गठबंधन की राजनीति पर जनता का फैसला है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल वर्षों से देश को जाति, धर्म और झूठे मुद्दों पर बांटते रहे, लेकिन अब जनता ने उन्हें नकार दिया है।

प्रदेश की जनता भी देख रही विफलताएं

उन्होंने कहा कि हार के बाद बहाने बनाना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। त्रिलोक कपूर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता भी कांग्रेस सरकार की विफलताओं को देख रही है और आने वाले चुनाव में इसी तरह का परिणाम सामने आएगा।